Posted By : Admin

यूपी में बिजली के निजीकरण के खिलाफ 9 जुलाई को 27 लाख कर्मचारियों की हड़ताल

उत्तर प्रदेश में दो बिजली वितरण कंपनियों के निजीकरण के खिलाफ देश भर में कार्यरत करीब 27 लाख बिजली कर्मचारी नौ जुलाई को हड़ताल करेंगे. ऑल इंडिया पावर इंजीनियर्स फेडरेशन (एआईपीईएफ) के अध्यक्ष शैलेंद्र दुबे ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लि. और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लि. का निजीकरण करने का फैसला किया है. ये वितरण कंपनियां राज्य के 75 में से 42 जिलों में बिजली आपूर्ति करती हैं.

दुबे ने कहा, ‘बिजली कर्मचारियों और इंजीनियरों की राष्ट्रीय समन्वय समिति (एनसीसीओईईई) के आह्वान पर, देश भर के बिजली कर्मचारियों, जूनियर इंजीनियरों और इंजीनियरों ने वितरण कंपनियों के निजीकरण के विरोध में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किए हैं.’ दुबे ने कहा कि उत्तर प्रदेश की दो बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) के निजीकरण के खिलाफ नौ जुलाई को 27 लाख बिजली कर्मचारियों ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है. इतने बड़े पैमाने पर कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने से देश में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो सकती है.

Share This