Posted By : Admin

गोरखपुर के अमरुद बाग में रातों रात धधकी शराब भट्टियाँ, आबकारी विभाग की छापेमारी से माफियाओं में हड़कंप।

गोरखपुर – आबकारी विभाग की स्पेशल टीम ने आज तड़के राजघाट थाना क्षेत्र के अमरुद बाग में अचानक छापेमारी कर अवैध कच्ची शराब के कारोबार को बड़ा झटका दिया। सेक्टर-2 के निरीक्षक श्याम कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने सुबह होने से पहले ही कार्रवाई शुरू की, जिससे स्थानीय पुलिस चौकी को भी भनक नहीं लगी। छापेमारी से कच्ची शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया।

मुखबिर की सूचना पर रात में अमरुद बाग पहुँची आबकारी टीम ने 80 लीटर तैयार कच्ची शराब, 250 किलो लहन और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। शातिर माफिया मौके से फरार हो गए, लेकिन टीम ने दर्जनभर भट्टियों को नष्ट कर एक अभियोग दर्ज किया। आबकारी निरीक्षक श्याम नारायण वर्मा, अरविंद कुमार गुप्ता, सब-इंस्पेक्टर उदय भान सिंह, दिनेश सिंह और लेखराज सिंह इस कार्रवाई में शामिल थे।

जिला आबकारी अधिकारी एम.पी. सिंह ने बताया कि आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सतत अभियान चल रहा है। अमरुद बाग में लगातार छापेमारी के कारण माफिया अब रात के अंधेरे में शराब बनाने लगे थे, लेकिन इस बार भी टीम ने उन्हें चकमा दे दिया। श्री सिंह ने कहा, “शहर में वाहनों के जरिए कच्ची शराब का परिवहन करने वालों पर भी कार्रवाई की जा चुकी है। हम ऐसे सभी तत्वों पर नजर रखे हुए हैं और जल्द ही और सख्त कदम उठाए जाएंगे।”

यह कार्रवाई गोरखपुर में अवैध शराब के काले कारोबार पर नकेल कसने की दिशा में एक और कड़ा कदम है

रिपोर्ट – गुणा नन्द

Share This