Uttar Pradesh

सहारनपुर में BJP 7,434 वोटों से जीती, SIR में कट गए 17,330 हिंदू वोटरों के नाम! CM योगी ने पेश किए चौंकाने वाले आंकड़े

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी की कार्यशाला में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का मुद्दा उठाते हुए हिंदू मतदाताओं के नाम कटने पर चिंता जताई। योगी ने कई विधानसभा सीटों के आंकड़े पेश करते हुए कहा कि कुछ सीटों पर बीजेपी की जीत का अंतर जितना था, उससे कहीं ज्यादा हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हट गए हैं।

मुख्यमंत्री ने सहारनपुर नगर विधानसभा सीट का उदाहरण देते हुए बताया कि पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने यहां 7,434 वोटों से जीत दर्ज की थी, जबकि SIR के दौरान 17,330 हिंदू मतदाताओं के नाम कम हो गए। इसी तरह सीतापुर विधानसभा सीट पर बीजेपी की जीत का अंतर 1,253 वोट था, जबकि यहां 6,065 वोट कम हुए। वहीं मुरादाबाद नगर में बीजेपी महज 782 वोटों से जीती थी, जबकि SIR के बाद 5,223 वोट कम हो गए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऐसी स्थिति कई दूसरी विधानसभा सीटों पर भी देखने को मिली है। उन्होंने मेरठ दक्षिण, अलीगढ़, बरेली कैंट, धामपुर, फरीदपुर, औराई, नकुड़, सुल्तानपुर, जौनपुर, पीलीभीत नगर और छिबरामऊ जैसी सीटों के आंकड़े भी सामने रखे। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम छूटने से चुनावी नतीजों पर असर पड़ सकता है।

मुख्यमंत्री ने एक सामाजिक कारण की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि शादी के बाद कई महिलाओं का नाम मायके की वोटर लिस्ट से कट जाता है, लेकिन ससुराल में उनका नाम समय पर नहीं जुड़ पाता। इसके अलावा बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले लोग मतदान के प्रति कम सक्रिय रहते हैं। योगी ने सुझाव दिया कि ऐसी इमारतों के नीचे ही मतदान केंद्र बनाए जाने चाहिए, ताकि लोग आसानी से वोट डाल सकें।

इससे पहले भी मुख्यमंत्री ने बीजेपी कार्यसमिति की बैठक में करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने का दावा किया था। उन्होंने बताया था कि लगभग 66 लाख ऐसे मतदाता हैं, जिनके नाम ग्राम पंचायत की सूची में दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं मिल रहे। वहीं करीब 55 लाख ऐसे लोगों का भी जिक्र किया, जो सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं, लेकिन मतदाता सूची में उनके नाम नहीं मिले।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे दूसरे काम छोड़कर पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने पर ध्यान दें। युवाओं, महिलाओं और पहली बार मतदान करने वाले लोगों को जागरूक करने के साथ ही वोटर लिस्ट की गलतियों को भी ठीक कराया जाए।

इसी कड़ी में बीजेपी ने 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता जोड़ो अभियान चलाने की तैयारी की है। इसके तहत कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पहुंचकर छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और नए वोटरों का पंजीकरण कराने का काम करेंगे।

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले SIR और मतदाता सूची का मुद्दा अब बीजेपी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बनता दिखाई दे रहा है। हालांकि, मुख्यमंत्री की ओर से पेश किए गए आंकड़ों और हिंदू मतदाताओं के नाम कटने के दावों का आधिकारिक निर्वाचन आंकड़ों से मिलान करना भी जरूरी होगा।

Related Articles

Back to top button