Crime

कानपुर में पानी मांगने पर हुआ विवाद, पति ने लकड़ी के पटरे से वार कर पत्नी की हत्या; दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

उत्तर प्रदेश के कानपुर से घरेलू हिंसा की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मामूली विवाद के दौरान पति पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि पति ने घर लौटने के बाद पत्नी से पीने के लिए एक गिलास पानी मांगा था। पत्नी के पानी नहीं देने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पति ने लकड़ी का भारी पटरा उठाकर पत्नी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई। इस घटना ने परिवार और आसपास के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। मृतका अपने पीछे तीन साल के बेटे और महज एक महीने की बेटी को छोड़ गई है।

मामला कानपुर जिले के अहिरवां स्थित कच्ची बस्ती का है। यहां रहने वाले 28 वर्षीय करन पासवान पर अपनी पत्नी रीता पासवान की हत्या का आरोप है। करन पुताई का काम करता है। जानकारी के मुताबिक, उसने वर्ष 2022 में फतेहपुर जिले के अथोसर की रहने वाली रीता से प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बच्चे हैं, जिनमें तीन साल का बेटा कार्तिक और एक महीने की बेटी काव्या शामिल हैं।

करन की मां सुखा देवी के मुताबिक, रविवार को करन पुताई का काम करने के लिए फतेहपुर गया था। वहां से घर लौटने के बाद उसने पत्नी से पीने के लिए एक गिलास पानी मांगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। कहासुनी के दौरान करन अपना आपा खो बैठा और लकड़ी का भारी पटरा उठाकर रीता के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से रीता खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी।

घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में रीता को नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। महिला के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतका के परिजनों की ओर से अभी तक तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, करन और रीता की मुलाकात वर्ष 2021 में हुई थी। उस समय रीता अपने मामा के घर आई हुई थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वर्ष 2022 में रीता अपना घर छोड़कर करन के पास आ गई। इसके बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली और साथ रहने लगे। परिवार के लोगों को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनके बीच का विवाद इतनी दर्दनाक घटना में बदल जाएगा।

दीपावली के मौके पर बेटी की हत्या की खबर मिलने के बाद रीता के मायके में भी मातम पसर गया। वहीं, मां की मौत के बाद तीन साल का बेटा और महज एक महीने की मासूम बेटी मां के साये से वंचित हो गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button