
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के संभावित पाकिस्तान दौरे को लेकर केंद्र सरकार ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय गणमान्य व्यक्तियों को विदेश यात्रा के लिए राजनीतिक मंजूरी एक तय राष्ट्रीय नीति के तहत दी जाती है। मंत्रालय ने पाकिस्तान के प्रति भारत की मौजूदा कूटनीतिक नीति का भी हवाला दिया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि दूसरे देशों के साथ संबंधों को लेकर भारत की एक राष्ट्रीय नीति है और सभी से उसका पालन करने की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी गणमान्य व्यक्ति को विदेश यात्रा की राजनीतिक मंजूरी देने से पहले संबंधित मामले का आकलन किया जाता है। इसके बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी होती है। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को लेकर भारत का रुख सभी के सामने स्पष्ट है।
दरअसल, मुख्यमंत्री भगवंत मान को पाकिस्तान के लाहौर में 27 से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाले चौथे अंतरराष्ट्रीय विश्व पंजाबी सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। मान ने कहा था कि उनका कार्यालय इस दौरे के लिए केंद्र सरकार से औपचारिक अनुमति लेने की तैयारी कर रहा है। पंजाब विधानसभा में भी उन्होंने सम्मेलन का निमंत्रण मिलने की पुष्टि की थी।
इस बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर युवाओं के लिए ‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता की शुरुआत करने वाले हैं। इसमें 15 से 30 वर्ष तक के युवा हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता का विषय पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत होगा। इसके विजेता को एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
फिलहाल भगवंत मान के पाकिस्तान दौरे पर केंद्र की मंजूरी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। विदेश मंत्रालय के बयान के बाद अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार उनके निमंत्रण पर क्या फैसला लेती है।



