Uttar Pradesh

यूपी के 25 लाख युवाओं को मिलेंगे टैबलेट, 15 नवंबर से CM योगी करेंगे वितरण की शुरुआत; जानिए किसे मिलेगा लाभ

उत्तर प्रदेश में युवाओं को डिजिटल शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के लिए योगी सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत प्रदेश के 25 लाख युवाओं को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 नवंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से इस अभियान की शुरुआत करेंगे।

इस कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए जाएंगे। इसके बाद प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम आयोजित कर पात्र विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य युवाओं को तकनीक आधारित शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

25 लाख टैबलेट की खरीद पूरी

योजना के तहत वितरण के लिए सरकार ने 25 लाख टैबलेट खरीद लिए हैं। यूपीडेस्को के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, इन टैबलेट को प्रदेश के विभिन्न विभागों से जुड़े विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले पात्र छात्र-छात्राओं को दिया जाएगा।

इन विभागों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

इस योजना में उच्च शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास, चिकित्सा शिक्षा, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, पशुधन और संस्कृति विभाग से जुड़े शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी शामिल होंगे। प्रदेश में स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी इस योजना के दायरे में आएंगे।

खास बात यह है कि पात्र विद्यार्थियों के लिए किसी तरह की आय या आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है। यानी पात्रता पूरी करने वाले विद्यार्थियों को आर्थिक स्थिति के आधार पर योजना से बाहर नहीं रखा जाएगा।

कैसे होंगे टैबलेट के फीचर्स?

खरीदे गए टैबलेट के स्पेसिफिकेशन में बदलाव नहीं किया गया है। इनमें 3 जीबी रैम, 8 इंच का डिस्प्ले, 1.8 GHz क्वाड-कोर प्रोसेसर और 32 जीबी इंटरनल स्टोरेज मिलेगा। कैमरे की बात करें तो इसमें 5 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 2 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जाएगा।

60 लाख से अधिक युवाओं को पहले भी मिल चुके हैं डिवाइस

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना की शुरुआत करीब पांच साल पहले हुई थी। इसके तहत अब तक 60 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जा चुके हैं। अब 25 लाख नए टैबलेट वितरण की तैयारी को सरकार युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम मान रही है।

26 जनवरी तक एक लाख युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य

टैबलेट वितरण के साथ सरकार ने रोजगार के मोर्चे पर भी बड़ा लक्ष्य रखा है। सरकार का लक्ष्य 26 जनवरी तक एक लाख युवाओं को नौकरी देने का है। ऐसे में डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार को जोड़कर योगी सरकार युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने की कोशिश में जुटी है।

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं पर सरकार का यह फोकस राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि टैबलेट वितरण और रोजगार से जुड़े ये लक्ष्य जमीन पर युवाओं को कितना फायदा पहुंचाते हैं।

Related Articles

Back to top button