
उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के तहत स्वगणना यानी सेल्फ एन्यूमरेशन की प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकभवन में इस अभियान की शुरुआत करेंगे। देश की पहली डिजिटल जनगणना के तहत प्रदेश के लोग 16 से 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपने परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
स्वगणना के लिए परिवार के मुखिया को आधिकारिक पोर्टल पर मोबाइल नंबर दर्ज कर OTP के जरिए सत्यापन करना होगा। इसके बाद भाषा चुनकर घर का पता, डिजिटल लोकेशन और परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी भरनी होगी। फॉर्म सबमिट करने पर एक विशेष स्वगणना पहचान संख्या (SEID) मिलेगी। इसे संभालकर रखना जरूरी है, क्योंकि जनगणना कर्मियों के घर पहुंचने पर उन्हें यह आईडी दिखानी होगी। एक परिवार के सभी सदस्यों का विवरण परिवार का मुखिया ही भर सकता है।
इस चरण में परिवारों से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें नाम, उम्र, लिंग, जन्मतिथि, वैवाहिक स्थिति, परिवार के मुखिया से संबंध, धर्म, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, आजीविका, जन्मस्थान, वर्तमान निवास, प्रवासन, दिव्यांगता और बैंकिंग सुविधाओं से जुड़ी जानकारी शामिल है। स्वगणना करना अनिवार्य नहीं है। जो परिवार ऑनलाइन फॉर्म नहीं भरेंगे, उनकी जानकारी जनगणना कर्मी घर जाकर दर्ज करेंगे।
इन जानकारियों को किसी के साथ साझा न करें: जिला प्रशासन ने लोगों को आगाह किया है कि जनगणना के दौरान किसी भी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति को बैंक खाते का पासवर्ड, ATM PIN, UPI PIN या OTP न बताएं। जनगणना के लिए इन गोपनीय जानकारियों की जरूरत नहीं होती।
जनगणना-2027 का कार्यक्रम
- स्वगणना: 16 से 30 नवंबर 2026
- घर-घर जाकर जनगणना: 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027
- पुनरीक्षण चरण: 5 से 9 जनवरी 2027



