Breaking-News

‘योगी की पाती’ में CM योगी ने सुनाई वनटांगिया और मुसहर समाज के संघर्ष की कहानी, मनमोहन सिंह से मुलाकात का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘योगी की पाती’ कार्यक्रम के जरिए अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा किए। इस दौरान उन्होंने वनटांगिया और मुसहर समाज के संघर्षों का जिक्र करते हुए बताया कि किस तरह इन समुदायों के अधिकारों के लिए उन्होंने आवाज उठाई। सीएम ने वन अधिकारों के मुद्दे पर तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात और कुशीनगर में मुसहर समाज के हक में आंदोलन करने का अनुभव भी साझा किया।

सीएम योगी के मुताबिक, करीब 120 साल पहले ब्रिटिश शासन के दौरान रेलवे लाइन बिछाने के लिए जंगलों की कटाई कराई गई थी। इसके बाद दोबारा जंगल लगाने और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कुछ लोगों को दी गई। इसके बदले उन्हें जमीन देने की व्यवस्था की गई थी। इसी व्यवस्था से वनटांगिया समुदाय जुड़ा था। समय के साथ यह समुदाय उपेक्षा का शिकार हुआ और अपने अधिकारों से वंचित होता चला गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वनटांगिया समुदाय के अधिकारों को लेकर उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात कर वन अधिनियम में संशोधन की मांग उठाई थी। उनके अनुसार, इस मुद्दे पर तत्कालीन वन मंत्री ने भी सवाल किए थे। योगी ने दावा किया कि 2007 में केंद्र सरकार द्वारा संशोधन किए जाने के बावजूद 2017 तक इसका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो पाया था। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने इस दिशा में काम शुरू किया।

मुसहर समाज का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने बताया कि मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते हुए कुशीनगर में मुसहर समुदाय के करीब एक दर्जन लोगों की मौत हुई थी। उस समय खाद्यान्न घोटाले का मामला भी सामने आ रहा था। योगी के मुताबिक, उन्होंने इस मुद्दे को लेकर कुशीनगर में आंदोलन किया और तत्कालीन राज्यपाल से मिलने के लिए लखनऊ पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि सांसद रहते हुए वह गोरखपुर से ट्रेन के जरिए लखनऊ आए थे और राजभवन जाकर मुसहर समाज की समस्याएं उठाई थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन करीब 28-29 वर्षों का हो चुका है। इस दौरान उन्होंने महसूस किया कि समाज में कई ऐसे मुद्दे हैं, जिनकी जानकारी आम लोगों तक नहीं पहुंच पाती। ‘योगी की पाती’ के माध्यम से उनका प्रयास ऐसे ही अनछुए विषयों और समाज के संघर्षों को लोगों के सामने लाना है।

Related Articles

Back to top button