National-News

PM मोदी ने फिलीपींस के सबसे पुराने गुरुद्वारे के पुनर्विकास की रखी आधारशिला, बोले- आध्यात्मिक महत्व का केंद्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में देश के सबसे पुराने गुरुद्वारे खालसा दीवान गुरुद्वारे का दौरा किया और उसके पुनर्विकास की आधारशिला रखी। इस मौके पर उन्होंने गुरुद्वारे को भारत और फिलीपींस के बीच सांस्कृतिक और मानवीय संबंधों का प्रतीक बताया।

तीन दिवसीय फिलीपींस यात्रा पर पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि एक सदी से भी पुराने इस गुरुद्वारे में आकर उन्हें बेहद धन्य महसूस हो रहा है। कार्यक्रम में फिलीपींस के सीनेटर फ्रांसिस जोसेफ एस्कुडेरो और मनीला के मेयर फ्रांसिस्को इस्को मोरनो समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पीएम मोदी ने कहा कि गुरु साहिबानों की शिक्षाओं से प्रेरित होकर सिख समुदाय ने दुनिया भर में अपनी अलग पहचान बनाई है। सिख समुदाय हमेशा दूसरों की सेवा और बेहतर दुनिया बनाने के प्रयासों में आगे रहा है। उन्होंने इस गुरुद्वारे को आध्यात्मिक महत्व का केंद्र भी बताया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, खालसा दीवान गुरुद्वारे की स्थापना 1901 में हुई थी और 1903 में इसे औपचारिक रूप दिया गया। बाद में 1924 में इसे खालसा दीवान के नाम से पंजीकृत किया गया। यह फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा है और मनीला में सिख समुदाय की धार्मिक, सांस्कृतिक और परोपकारी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को तीन दिवसीय दौरे पर फिलीपींस पहुंचे थे। इस यात्रा के दौरान वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। यात्रा का उद्देश्य दक्षिण-पूर्व और पूर्वी एशियाई देशों के साथ भारत के संबंधों को मजबूत करना और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करना है।

Related Articles

Back to top button