
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत के खिलाफ अदालत में आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले वकील की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग की है। इस संबंध में दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट बुधवार को सुनवाई करेगा।
मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की सचिव प्रज्ञा बघेल और संयुक्त सचिव मीनेश दुबे ने CJI के सामने यह मामला उठाया। उन्होंने बताया कि वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की याचिका दायर करने के लिए अटॉर्नी जनरल की सहमति मिल गई है। इसके बाद याचिका को CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ के सामने तत्काल सुनवाई के लिए रखा गया।
दरअसल, सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान एक वकील ने तत्काल सुनवाई की मांग की थी। उसने बताया कि उसने 2 नवंबर को CJI के कार्यालय में एक मामला सौंपा था, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी उसे कोई जवाब नहीं मिला। इस पर CJI ने मामले को देखने की बात कही, लेकिन वकील नाराज हो गया।
आरोप है कि वकील ने CJI से कहा, ‘आप उस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते। आप इसके लायक नहीं हैं। आपमें इसके लिए जरूरी ईमानदारी नहीं है।’ इस टिप्पणी के बाद अदालत में हंगामा हुआ। कार्यवाही की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग बंद कर दी गई और सुरक्षाकर्मियों ने वकील को कोर्ट रूम से बाहर कर दिया।
अब सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की याचिका पर बुधवार को होने वाली सुनवाई में यह तय होगा कि इस मामले में आपराधिक अवमानना की कार्यवाही आगे बढ़ाने को लेकर अदालत क्या रुख अपनाती है।



