Breaking-News

UP में 2027 चुनाव से पहले BJP की सामाजिक घेराबंदी तेज, ब्रजेश पाठक ने दो दिन में 1000 से अधिक लोगों से किया संवाद

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने के लिए संपर्क अभियान तेज कर दिया है। इस अभियान की अहम जिम्मेदारी उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को सौंपी गई है। उनके साथ बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष और सामाजिक संपर्क अभियान के संयोजक डॉ. नीरज सिंह समन्वय की भूमिका निभा रहे हैं। पार्टी की कोशिश अलग-अलग जातियों, धार्मिक समुदायों और सामाजिक संगठनों के प्रभावशाली लोगों से संवाद कर अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने की है।

इसी रणनीति के तहत 25 और 26 नवंबर को लखनऊ में ब्रजेश पाठक के राजभवन कॉलोनी स्थित आवास पर दो दिवसीय सामाजिक संपर्क बैठक आयोजित की गई। ‘अनेक समाज, एक परिवार’ की थीम पर हुई इन बैठकों में 1,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम को चार सत्रों में आयोजित किया गया, जिसमें अलग-अलग समाजों के प्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी।

पहले दिन धानुक, सोनकर, स्वर्णकार, बहेेलिया, बढ़ई और विश्वकर्मा सहित कई समाजों के प्रतिनिधियों से संवाद हुआ। ब्रजेश पाठक ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, सड़क, बिजली, शिक्षा और विकास कार्यों का जिक्र करते हुए सरकार की योजनाओं और माफिया के खिलाफ कार्रवाई को सामने रखा। वहीं, दूसरे दिन मुस्लिम, सिख, जैन, जायसवाल, साहू, तेली, राठौर और कश्यप समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान व्यापारियों की सुरक्षा, सामाजिक सौहार्द और सरकारी योजनाओं के लाभ जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने साथ बैठकर भोजन भी किया, जिसे सामाजिक एकता का संदेश बताया गया।

डॉ. नीरज सिंह ने इस पहल को सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय हित से जुड़ा अभियान बताया। बीजेपी का उद्देश्य विभिन्न समुदायों की समस्याएं सुनना, सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उनके साथ संवाद का दायरा बढ़ाना है। राजनीतिक जानकारों की नजर में यह पहल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की सामाजिक और चुनावी रणनीति का हिस्सा है। अब देखना होगा कि अलग-अलग समाजों के बीच यह संपर्क अभियान चुनाव में बीजेपी को कितना राजनीतिक लाभ पहुंचाता है।

Related Articles

Back to top button