मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे हिंदुस्तान में प्रदेश की एक नई पहचान बनाई है – राजनाथ सिंह
लखनऊ – रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हुए बदलाव और महिला सुरक्षा की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पहले पूरे देश में बहुत पीछे हुआ करता था, लेकिन योगी आदित्यनाथ ने इसे आज देश के शीर्ष तीन राज्यों में लाकर खड़ा कर दिया है। पहले बेटियों के माता-पिता उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे, आज अपराधी और उनके घरवाले चिंतित रहते हैं। महिलाओं को गलत नजर से देखने वालों के हौसले योगी सरकार ने सिर्फ तोड़े नहीं, बल्कि चकनाचूर कर दिए हैं। उनकी हिम्मत भी तोड़ी है, उनके ठिकाने भी तोड़े हैं और उनके घुटने भी तोड़े हैं।
वीरांगना अवंतीबाई लोधी की भव्य प्रतिमा के लोकार्पण समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। राजनाथ सिंह ने वीरांगना अवंतीबाई के शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन अन्याय के सामने कभी न झुकने और मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वस्व बलिदान करने की प्रेरणा देता है।
महिला सुरक्षा पर रक्षा मंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों के समय देश की राजधानी तक में महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं। उत्तर प्रदेश को लेकर उन्होंने कहा, मैं दावे के साथ कह सकता हूं, या तो कल्याण सिंह की हुकूमत थी या आज योगी आदित्यनाथ की हुकूमत है कि कोई महिलाओं पर गलत नजर डालने की हिम्मत नहीं कर सकता। पहले बेटियों के माता-पिता उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे, लेकिन आज अपराधी और उनके घरवाले चिंतित रहते हैं। योगी जी ने पूरे हिंदुस्तान में प्रदेश की एक नई पहचान बनाई है। पहले यूपी पूरे देश में बहुत पीछे हुआ करता था। उसे आज देश के शीर्ष तीन राज्यों में लाकर खड़ा करने का काम योगी जी ने किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार गौरवशाली विरासत को सामने लाने और महापुरुषों के विचारों व योगदान को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का पूरा प्रयास कर रही है। महापुरुषों और वीरांगनाओं के नाम पर बटालियनों और विभिन्न स्थानों का नामकरण किया जा रहा है। इससे समाज में अपने महापुरुषों के प्रति गौरव की अनुभूति होगी और आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा प्राप्त करेंगी।
रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री की ओर से पीएसी की तीन महिला बटालियनों के गठन और उनके नामकरण का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी और गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई के नाम पर पीएसी की बटालियन का नाम रखा गया है। बदायूं में पीएसी की नई बटालियन का नाम वीरांगना अवंतीबाई लोधी के नाम पर रखा गया है। कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि किसी मुख्यमंत्री की ऐसी समावेशी सोच होगी।