राजस्थान निकाय चुनाव में गजब नतीजा, BJP उम्मीदवार को मिला सिर्फ 1 वोट
राजस्थान के शहरी निकाय चुनाव के नतीजों में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर नगरपालिका के वार्ड नंबर 13 से चुनाव लड़ने वाले बीजेपी उम्मीदवार कैलाशचंद को महज एक वोट मिला। नतीजे सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का विषय बन गया।
राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध नतीजों के मुताबिक, वार्ड नंबर 13 से कांग्रेस उम्मीदवार हीना खानम ने 376 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार राशिद खान को 195 वोट मिले और वह दूसरे स्थान पर रहे। बीजेपी के कैलाशचंद को सिर्फ एक वोट मिला।
खास बात यह है कि कैलाशचंद ने खुद बताया कि वह वार्ड नंबर 13 के मतदाता ही नहीं हैं। उन्होंने समाचार एजेंसी PTI से बातचीत में बताया कि वह वार्ड नंबर 12 के वोटर हैं, लेकिन बीजेपी ने उन्हें पास के वार्ड नंबर 13 से चुनाव मैदान में उतार दिया था। कैलाशचंद के मुताबिक, यही वजह रही कि उन्हें अपने चुनाव क्षेत्र में सिर्फ एक वोट मिल सका।
परबतसर नगरपालिका में कुल 25 वार्ड हैं। चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने 13 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी के खाते में 12 वार्ड आए। ऐसे में पूरे चुनाव परिणाम के बीच बीजेपी उम्मीदवार कैलाशचंद का सिर्फ एक वोट हासिल करना सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली घटनाओं में शामिल हो गया।
राजस्थान के 309 शहरी निकायों के लिए हुई मतगणना के दौरान यह मामला सामने आया। इन चुनावों में पार्षद के 10 हजार से ज्यादा पदों के लिए उम्मीदवार मैदान में थे। हालांकि ज्यादातर वार्डों में मुकाबला राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच रहा, लेकिन परबतसर के वार्ड 13 का नतीजा अपने बेहद असामान्य आंकड़े की वजह से सुर्खियों में आ गया।
कैलाशचंद के एक वोट की कहानी ने चुनावी राजनीति में उम्मीदवार और उसके निर्वाचन क्षेत्र के बीच तालमेल को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि कैलाशचंद ने खुद अपने वार्ड से बाहर उम्मीदवार बनाए जाने को कम वोट मिलने की वजह बताया है।