योगी सरकार ने निकाली बंपर शिक्षक भर्ती, 15,012 पदों पर आज से आवेदन शुरू
उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। योगी सरकार ने राज्य में 15,012 शिक्षक पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती के तहत सहायक अध्यापक से लेकर प्रवक्ता यानी पीजीटी तक के पद शामिल हैं। सहायक अध्यापक के पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है, जबकि प्रवक्ता पदों के लिए आवेदन 18 सितंबर से शुरू होंगे।
जारी विज्ञापन के मुताबिक, कुल 15,012 पदों में 897 सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी, 11,508 सहायक अध्यापक शहरी और 2,607 प्रवक्ता (पीजीटी) के पद शामिल हैं। इन पदों के लिए दो अलग-अलग विज्ञापन जारी किए गए हैं, इसलिए अलग-अलग पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया भी निर्धारित तारीख के अनुसार होगी।
सहायक अध्यापक के कुल 12,405 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर से शुरू हो चुकी है। वहीं, प्रवक्ता यानी पीजीटी के 2,607 पदों के लिए अभ्यर्थी 18 सितंबर से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसी तारीख तक रजिस्ट्रेशन और परीक्षा शुल्क जमा किया जा सकेगा। आवेदन में किसी तरह का संशोधन करने के लिए अभ्यर्थियों को 19 अक्टूबर 2026 तक का समय मिलेगा।
भर्ती प्रक्रिया में वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की व्यवस्था लागू की गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करना होगा। प्राथमिक शिक्षक परीक्षा की तारीख 3 और 4 दिसंबर 2026 प्रस्तावित है।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को 1,000 रुपये, एससी और एसटी अभ्यर्थियों को 500 रुपये, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को 300 रुपये शुल्क देना होगा। शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के माध्यम से किया जा सकेगा।
आयु सीमा की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा। पात्रता, विषयवार पद, शैक्षिक योग्यता और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी संबंधित भर्ती विज्ञापन में दी गई है।
शिक्षक भर्ती से जुड़ी यह प्रक्रिया ऐसे समय में शुरू हुई है, जब सुप्रीम कोर्ट के एक महत्वपूर्ण फैसले में शिक्षकों की नियुक्ति और पदोन्नति के लिए टीईटी (TET) की भूमिका को लेकर निर्देश दिए गए थे। फैसले के मुताबिक, शिक्षक के रूप में नई नियुक्ति या प्रमोशन से जुड़े मामलों में टीईटी की पात्रता महत्वपूर्ण होगी। ऐसे में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भर्ती विज्ञापन में दी गई पात्रता शर्तों को ध्यान से पढ़ना जरूरी है।
उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती एक बड़ा अवसर है। उम्मीदवार आवेदन करने से पहले अपने पद, विषय, शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, शुल्क और अन्य पात्रता शर्तों की आधिकारिक विज्ञापन के अनुसार जांच जरूर कर लें, ताकि आवेदन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।