Breaking-News

यूपी: सीएम योगी बोले- लाखों दीपों की स्वर्णिम आभा से होगा विजय का उद्घोष, एकात्मता का प्रतीक बनेगा दीपोत्सव

अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपराष्ट्रपति, विदेशी राजनयिकों, साधु-संतों और देश-विदेश से पहुंचे रामभक्तों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरयू तट पर बसी धर्मनगरी अयोध्या दिव्य दीपोत्सव के लिए पूरी तरह सज चुकी है। लाखों दीपों की स्वर्णिम आभा सत्य और धर्म की विजय का संदेश देगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि वर्षों की प्रतीक्षा और करोड़ों सनातनियों की आस्था का प्रतिफल आज लाखों दीपों के रूप में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की शाश्वत विजय का उद्घोष करेगा। इस पावन अवसर पर पूरी अवधपुरी उल्लास और भक्ति के रंग में रंगी हुई है।

सीएम योगी ने आयोजन में शामिल होने पहुंचे उपराष्ट्रपति, मित्र देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों, विदेशी राजनयिकों, विशिष्ट अतिथियों, साधु-संतों और रामभक्तों का प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि पर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि सभी अतिथियों की मौजूदगी इस आयोजन को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव को केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश देने वाला आयोजन बताया। उनके अनुसार, यह पर्व समता, समरसता, सांस्कृतिक एकात्मता और भारतीय दर्शन के ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को मजबूत करने का प्रतीक बनेगा।

योगी आदित्यनाथ ने लोगों से धर्म, मर्यादा और प्रकाश के इस महापर्व का साक्षी बनने की अपील की। उन्होंने अपने संदेश का समापन ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ किया। अयोध्या में दीपोत्सव के जरिए धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश देने की तैयारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button