Breaking-News

लंदन-पेरिस नहीं, रंगला पंजाब बना रहे… आनंदपुर साहिब में विरोधियों पर बरसे भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री आनंदपुर साहिब के ऐतिहासिक गांव जिंदवारी में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य पंजाब को लंदन, कैलिफोर्निया या पेरिस जैसा बनाना नहीं, बल्कि पुराने समृद्ध और रंगीन पंजाब की पहचान को फिर से जीवंत करना है। उन्होंने कहा कि वह ऐसा पंजाब देखना चाहते हैं, जहां खेल, मेले, भांगड़ा और सांस्कृतिक गतिविधियां फिर से लोगों की जिंदगी का हिस्सा बनें।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान अजौली, दरौली अपर, दरौली लोअर, ब्रह्मपुर, टप्परियन और जिंदवारी गांवों के विकास के लिए 20-20 लाख रुपये के चेक सौंपे। इन छह गांवों को कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये की विकास राशि दी गई। भगवंत मान ने कहा कि अगर वह कलाकार के तौर पर अपना करियर जारी रखते तो करोड़ों रुपये कमा सकते थे, लेकिन उन्होंने जनता के अधिकारों की रक्षा और पंजाब की सेवा को अपना कर्तव्य माना।

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पहले नौकरियों के लिए राजनीतिक सिफारिश और पैसे का इस्तेमाल होता था। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में जिंदवारी गांव के ही 20 युवाओं को बिना सिफारिश और रिश्वत के सरकारी नौकरी मिली है। महिलाओं के लिए शुरू की गई वित्तीय सहायता योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अगली किस्त 1 अक्टूबर को जारी की जाएगी और लाखों माताओं-बहनों के बैंक खातों में सीधे सहायता राशि भेजी जाएगी।

शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के कामकाज का उल्लेख करते हुए भगवंत मान ने कहा कि शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के नेतृत्व में पंजाब के सरकारी स्कूलों में कई बदलाव किए गए हैं। उन्होंने स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों और बेहतर सुविधाओं का जिक्र किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, शिक्षकों को सिंगापुर और फिनलैंड जैसे देशों से प्रशिक्षण भी दिलाया गया है।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा से जुड़े आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि पंजाब वर्ष 2021 में 27वें स्थान पर था, लेकिन अब राज्य ने केरल समेत कई राज्यों को पीछे छोड़ते हुए देश में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अवसर उपलब्ध करा रही है, ताकि वे डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासनिक अधिकारी बन सकें।

कृषि और बिजली के मुद्दे पर भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार के सत्ता में आने के समय नहरों का केवल 21-22 प्रतिशत पानी खेतों तक पहुंचता था, जो अब बढ़कर 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है। उन्होंने दावा किया कि इसे जल्द ही 90 से 95 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए करीब 14,000 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन बिछाई गई है।

मुफ्त बिजली को लेकर भी मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि झारखंड की कोयला खदानों में बारिश के पानी के कारण कोयले की आपूर्ति प्रभावित होने से दो दिनों तक बिजली की मामूली समस्या आई थी, लेकिन विपक्ष ने इसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश की।

विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए भगवंत मान ने कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता जनता के मुद्दों के बजाय राजनीतिक कुर्सी के लिए आपस में लड़ रहे हैं। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल और कांग्रेस को लेकर भी राजनीतिक टकराव पर टिप्पणी की और कहा कि विपक्ष पंजाब के युवाओं को आगे बढ़ाने के बजाय उन्हें पीछे ले जाने की राजनीति कर रहा है।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से चुनाव के दौरान सावधान रहने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आने पर पुरानी पार्टियों के नेता वोट हासिल करने के लिए पैसे बांटने की कोशिश कर सकते हैं। भगवंत मान ने लोगों से कहा कि चुनाव के समय उन्हें अपने विवेक से फैसला करना चाहिए और पंजाब के विकास को ध्यान में रखते हुए मतदान करना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button