BJP की नई IT टीम की कल अहम बैठक, चुनावी रणनीति और ‘सेवा संकल्प’ के प्रचार पर होगा मंथन
भारतीय जनता पार्टी (BJP) आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए अपनी आईटी और सोशल मीडिया रणनीति को और मजबूत करने की तैयारी में है। इसी कड़ी में पार्टी ने 20 सितंबर को नई दिल्ली में आईटी और सोशल मीडिया प्रमुखों की अहम बैठक बुलाई है। बैठक में पार्टी की डिजिटल रणनीति, आगामी चुनावों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष आईटी, सोशल मीडिया और इससे जुड़े अन्य विभागों के पदाधिकारियों के साथ रणनीति पर चर्चा करेंगे। पार्टी ने हाल ही में अपनी राष्ट्रीय टीम में बदलाव किया है। नई डिजिटल टीम की कमान दीपक म्हास्के को दी गई है, जबकि सोशल मीडिया टीम में भी नए पदाधिकारियों की नियुक्तियां की गई हैं।
बैठक का एक प्रमुख एजेंडा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के डिजिटल प्रचार को लेकर हो सकता है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुरू किया गया है। BJP की ओर से देशभर में इस अभियान के तहत अलग-अलग कार्यक्रमों और जनसंपर्क गतिविधियों के जरिए लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। उत्तर प्रदेश में भी इस अभियान को आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
इसके अलावा बैठक में आगामी चुनावों के मद्देनजर सोशल मीडिया की भूमिका और भविष्य की डिजिटल रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा। पार्टी की कोशिश है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी मौजूदगी को और प्रभावी बनाया जाए और युवाओं, खासकर Gen Z और Gen Alpha, तक पहुंचने के लिए उनकी रुचियों और आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर कंटेंट तैयार किया जाए। उत्तर प्रदेश में भी BJP की रणनीति में सोशल मीडिया के जरिए सरकार और संगठन के कामकाज को लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, नई आईटी टीम के गठन के बाद पार्टी के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रियता बढ़ी है, लेकिन इस दौरान कुछ ऐसे कंटेंट भी सामने आए जिन्हें बाद में सोशल मीडिया से हटाना पड़ा। ऐसे मामलों को देखते हुए बैठक में कंटेंट की जांच, तथ्यात्मक सटीकता, पोस्ट करने से पहले समीक्षा और सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देने के तरीके को लेकर भी चर्चा हो सकती है। पार्टी के लिए यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर तेजी के साथ काम करते हुए अनावश्यक विवादों से बचा जाए।
BJP के आईटी सेल के एजेंडे में फिलहाल दो बड़े फोकस बताए जा रहे हैं—पहला ‘सेवा संकल्प अभियान’ का व्यापक डिजिटल प्रचार और दूसरा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए सोशल मीडिया कंटेंट और रणनीति तैयार करना। इसके तहत वीडियो, रील्स, पोस्ट और दूसरे डिजिटल माध्यमों के जरिए पार्टी के कार्यक्रमों और सरकार की योजनाओं से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।
बैठक में सोशल मीडिया पर सकारात्मक और प्रभावी इंगेजमेंट बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा हो सकती है। पार्टी की नई टीम के सामने चुनौती यह होगी कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रियता बढ़ाने के साथ-साथ कंटेंट की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और समयबद्धता को भी बनाए रखा जाए।
बताया जा रहा है कि बैठक में BJP की राष्ट्रीय टीम के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के आईटी और सोशल मीडिया प्रमुखों को भी शामिल किया गया है। बैठक हाइब्रिड मॉडल में होगी, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी दिल्ली में मौजूद रहेंगे, जबकि कुछ नेता वर्चुअल माध्यम से जुड़ सकते हैं। ऐसे में 20 सितंबर की यह बैठक BJP की आगामी डिजिटल और चुनावी संचार रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।