साबरमती से दौड़ी देश की पहली LNG ट्रेन, अमित शाह ने दिखाई हरी झंडी
देश की पहली LNG से चलने वाली ट्रेन को रविवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद के साबरमती रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन को रवाना किया। इस मौके पर साबरमती रेलवे डिवीजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण रेलवे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया गया, जबकि कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई।
इस कार्यक्रम के दौरान गुजरात को 1,542 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली रेलवे परियोजनाओं की सौगात मिली। इन परियोजनाओं में रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, ट्रैक क्षमता बढ़ाने और लोकोमोटिव के रखरखाव से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार शामिल है।
रेलवे के 404 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर करीब 411 करोड़ रुपये की लागत से ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली लागू की गई है। इसके अलावा 122.57 किलोमीटर लंबे रेल सेक्शन पर ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग की शुरुआत की गई है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार WAG-12 लोकोमोटिव मेंटेनेंस शेड का भी उद्घाटन किया गया। वहीं, 313.27 करोड़ रुपये की लागत से साबरमती-सरखेज के बीच 21 किलोमीटर लंबे रेल सेक्शन को डबल करने का काम किया जाएगा। ट्रैक दोहरीकरण से इस रूट की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि 1,542 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किए जा रहे ये विकास कार्य यात्रियों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के रेलवे नेटवर्क के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में लोकोमोटिव मेंटेनेंस हब, ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली और रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण जैसे काम शामिल हैं।
अमित शाह ने साबरमती रेलवे स्टेशन के बदले हुए स्वरूप का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली से यात्रा के दौरान वह कई बार साबरमती रेलवे स्टेशन पर उतर चुके हैं और पिछले कुछ वर्षों में स्टेशन में हुए बदलाव को देखकर उन्हें खुशी हुई। उन्होंने साबरमती रेलवे डिवीजन से लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और पूरी रेलवे टीम को बधाई दी।
देश की पहली LNG ट्रेन की शुरुआत को रेलवे के वैकल्पिक ईंधन से जुड़े प्रयासों के तौर पर भी देखा जा रहा है। वहीं, गुजरात में शुरू और घोषित की गई इन परियोजनाओं से रेलवे सुरक्षा, ट्रैक क्षमता और माल एवं यात्री परिवहन से जुड़ी सुविधाओं को बढ़ाने पर जोर दिया गया है।