योगी सरकार का नवरात्रि गिफ्ट! BAMS-BUMS-BHMS इंटर्न का भत्ता दोगुना, अब मिलेंगे ₹15,000
उत्तर प्रदेश में आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी की पढ़ाई पूरी कर इंटर्नशिप करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में BAMS, BUMS और BHMS के इंटर्न विद्यार्थियों के मासिक भत्ते को दोगुना करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। अब इन विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के दौरान 7,500 रुपये के बजाय 15,000 रुपये प्रतिमाह भत्ता मिलेगा। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के हजारों मेडिकल इंटर्न को लाभ मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट के निर्णय के अनुसार, राजकीय आयुर्वेदिक, यूनानी और होम्योपैथी मेडिकल कॉलेजों, संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों से संबंधित पाठ्यक्रमों की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को रोटेटिंग इंटर्नशिप के दौरान बढ़ा हुआ भत्ता दिया जाएगा। इस फैसले का लाभ आयुर्वेद के 588, यूनानी के 150 और होम्योपैथी के 976 इंटर्न छात्र-छात्राओं को मिलेगा। इस तरह कुल 1,714 विद्यार्थियों को सरकार के इस निर्णय का फायदा पहुंचेगा।
दरअसल, BAMS यानी बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी, BUMS यानी बैचलर ऑफ यूनानी मेडिसिन एंड सर्जरी और BHMS यानी बैचलर ऑफ होम्योपैथिक मेडिसिन एंड सर्जरी की पढ़ाई पूरी करने के बाद विद्यार्थियों के लिए रोटेटिंग इंटर्नशिप करना अनिवार्य होता है। इस दौरान वे संबंधित मेडिकल कॉलेजों, संस्थानों और चिकित्सालयों में मरीजों के उपचार में चिकित्सकीय सहयोग करते हैं और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करते हैं।
इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों की जिम्मेदारी केवल मरीजों के उपचार में सहयोग करने तक सीमित नहीं रहती। उन्हें अस्पतालों के वार्ड, ओपीडी और रात्रिकालीन ड्यूटी में भी योगदान देना पड़ता है। इस दौरान वे वरिष्ठ चिकित्सकों के मार्गदर्शन में काम करते हुए चिकित्सा से जुड़ी व्यावहारिक प्रक्रियाओं को सीखते हैं। ऐसे में मासिक भत्ते में वृद्धि से इंटर्न विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता मिलेगी।
अब तक उत्तर प्रदेश के राजकीय आयुर्वेदिक, यूनानी और होम्योपैथी मेडिकल कॉलेजों एवं चिकित्सालयों में इंटर्नशिप करने वाले विद्यार्थियों को 7,500 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाता था। कैबिनेट की मंजूरी के बाद यह राशि बढ़ाकर 15,000 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है। यानी विद्यार्थियों को अब हर महीने 7,500 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
योगी सरकार के इस फैसले को चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इंटर्नशिप के दौरान अस्पतालों में सेवाएं देने वाले विद्यार्थियों को बढ़ा हुआ भत्ता मिलने से उन्हें अपने खर्चों को पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही, आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी चिकित्सा पद्धतियों से जुड़े भावी चिकित्सकों को प्रशिक्षण के दौरान आर्थिक सहयोग भी मिलेगा।