Uttar Pradesh

जनगणना-2027 का शुभारंभ, CM योगी बोले- कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से नहीं रहेगा वंचित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ स्थित लोकभवन में जनगणना-2027 के तीसरे चरण का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनगणना से मिलने वाले सटीक आंकड़े उत्तर प्रदेश के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इनके आधार पर सरकार भविष्य की योजनाओं को बेहतर तरीके से तैयार और लागू कर सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

सीएम योगी ने कहा कि अभी तक प्रदेश की ज्यादातर विकास योजनाएं 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर बनाई जाती रही हैं। ऐसे में नई जनगणना के जरिए समाज के हर वर्ग की वास्तविक सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का पता लगाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है। भारत का हर छठा व्यक्ति यूपी में रहता है, जबकि दुनिया का हर 36वां व्यक्ति प्रदेश में निवास करता है।

मुख्यमंत्री ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के मुसहर समाज का उदाहरण देते हुए सही आंकड़ों की अहमियत समझाई। उन्होंने कहा कि यह समाज लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहा। कई परिवारों के पास पक्का मकान तो दूर, झोपड़ी बनाने के लिए जमीन का मालिकाना हक, राशन कार्ड और अन्य सरकारी सुविधाएं तक नहीं थीं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यदि उनकी वास्तविक स्थिति पहले सामने आ जाती तो उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ समय रहते मिल सकता था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद इस समुदाय के लिए अलग से योजना बनाकर उन्हें सरकारी सुविधाओं से जोड़ा गया।

सीएम योगी ने कहा कि जनगणना में किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने का मतलब है कि वह लंबे समय तक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकता है। सही आंकड़ों से यह भी पता चलेगा कि कहां स्कूल, अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क और दूसरी बुनियादी सुविधाओं की जरूरत है। प्रदेश में 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया चलेगी, जबकि 1 दिसंबर से गणनाकर्मी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी दर्ज करेंगे।

Related Articles

Back to top button