Posted By : Admin

हैदराबाद भगदड़ मामले में एक्शन, ‘पुष्पा 2’ एक्टर अल्लू अर्जुन हुए गिरफ्तार

हैदराबाद के संध्या थिएटर में मची भगदड़ के मामले में साउथ सिनेमा के सुपरस्टार और ‘पुष्पा 2’ के अभिनेता अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना 4 दिसंबर को फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान हुई थी, जिसमें भगदड़ मचने से 35 वर्षीय महिला की जान चली गई। इस घटना के बाद थिएटर प्रबंधन और अल्लू अर्जुन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

हैदराबाद पुलिस ने शुक्रवार को चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन की टीम के जरिए अल्लू अर्जुन को हिरासत में लिया, जहां केस दर्ज हुआ था। वहीं, संध्या थिएटर के मैनेजर पहले ही जेल में बंद हैं। पुलिस ने अल्लू अर्जुन की सिक्योरिटी टीम पर भी केस दर्ज किया है।

गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

इस मामले में अल्लू अर्जुन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) और 118 (1) आर/डब्ल्यू 3 (5) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाने) के तहत केस दर्ज हुआ है। हैदराबाद पुलिस के सेंट्रल जोन के डिप्टी कमिश्नर अक्षांश यादव ने बताया कि मृतक महिला के परिवार की शिकायत पर यह एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि थिएटर में हुए अराजक हालात के लिए जिम्मेदार सभी लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अल्लू अर्जुन ने जताया दुख

इससे पहले अल्लू अर्जुन ने इस घटना पर गहरा दुख जताया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा था, “संध्या थिएटर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से मैं बेहद आहत हूं। मेरी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से उनसे मिलने और हरसंभव मदद का आश्वासन देता हूं।”

उन्होंने मृतक महिला के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी और उन्हें भरोसा दिलाया कि वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।

बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है ‘पुष्पा 2’

इस घटना के बीच, अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है। रिलीज के एक हफ्ते के भीतर ही फिल्म ने ग्लोबली 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। हाल ही में दिल्ली में अल्लू अर्जुन ने इस सफलता का जश्न मनाते हुए अपने फैंस और दर्शकों का आभार जताया।

Share This