Posted By : Admin

आखिर ह्वाइट हाउस पर हमला करने वाले इस भारतीय को 8 साल की सजा क्यों मिली ?

वाशिंगटन: अमेरिका में व्हाइट हाउस पर ट्रक से हमला करने वाले भारतीय नागरिक को आठ साल की जेल की सजा सुनाई गई है। यह घटना 22 मई 2023 को हुई थी, जब साईं वर्षित कंडुला नामक 20 वर्षीय युवक ने व्हाइट हाउस में घुसने का प्रयास करते हुए सुरक्षा अवरोधों को टक्कर मारी थी। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, कंडुला का इरादा लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई अमेरिकी सरकार को हटाकर नाजी विचारधारा से प्रेरित तानाशाही शासन स्थापित करना था।

13 मई 2024 को कंडुला ने अमेरिकी संपत्ति को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने और तोड़फोड़ करने के आरोप में अपना अपराध स्वीकार कर लिया। वह अमेरिका में ग्रीन कार्ड धारक और वैध स्थायी निवासी है। सजा के तहत, उसे आठ साल जेल के साथ तीन साल अतिरिक्त निगरानी की सजा दी गई है। यह फैसला डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज डैबनी एल. फ्रेडरिक ने सुनाया।

अदालती दस्तावेजों के अनुसार, कंडुला ने 22 मई 2023 को सेंट लुइस, मिसौरी से वाशिंगटन डीसी तक की उड़ान भरी। डलेस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद, उसने शाम 6:30 बजे एक ट्रक किराए पर लिया।

रात करीब 9:35 बजे, कंडुला ने वाशिंगटन डीसी के एच स्ट्रीट और 16वीं स्ट्रीट के चौराहे पर ट्रक को व्हाइट हाउस और राष्ट्रपति पार्क की सुरक्षा अवरोधों पर चढ़ा दिया। इसके बाद, उसने ट्रक से उतरकर बैग से लाल और सफेद रंग का नाजी स्वस्तिक बना झंडा निकाला और लहराया। इस घटना से आसपास मौजूद राहगीरों में हड़कंप मच गया। अमेरिकी पार्क पुलिस और सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कंडुला को गिरफ्तार कर लिया और उसे हिरासत में ले लिया।

Share This