
अमेरिका की जांच एजेंसी FBI एक बार फिर साइबर हमले का शिकार हुई है। इस बार हैकरों ने देशभर के अपराधियों और आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड रखने वाले नेशनल क्राइम इन्फॉर्मेशन सेंटर (NCIC) को निशाना बनाया है। कुछ महीनों के भीतर FBI के सिस्टम पर यह दूसरा बड़ा साइबर हमला है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हैकरों ने कितनी जानकारी तक पहुंच बनाई और कौन-से रिकॉर्ड चोरी हुए हैं।
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच से जुड़े दो लोगों ने इस साइबर हमले की जानकारी दी है। NCIC अमेरिका का एक महत्वपूर्ण डिजिटल डेटाबेस है, जो संघीय, राज्य और स्थानीय पुलिस एजेंसियों को आपस में जोड़ता है। इसके जरिए देशभर की कानून प्रवर्तन एजेंसियां अपराध से जुड़ी जानकारियां साझा करती हैं और जरूरत पड़ने पर रिकॉर्ड हासिल करती हैं।
इस डेटाबेस में गिरफ्तारी वारंट, आपराधिक रिकॉर्ड और लोगों की पृष्ठभूमि की जांच से जुड़ी जानकारियां मौजूद रहती हैं। पुलिस और जांच एजेंसियां इसका इस्तेमाल संदिग्धों की पहचान करने, गिरफ्तारी वारंट की पुष्टि करने और जांच के दौरान जरूरी जानकारी जुटाने के लिए करती हैं। ऐसे में इस सिस्टम पर साइबर हमले को गंभीर माना जा रहा है।
इससे पहले सितंबर में ShinyHunters नाम के हैकर समूह ने FBI की भर्ती से जुड़ी वेबसाइट पर हमला किया था। उस दौरान एजेंसी के कर्मचारियों की निजी और संवेदनशील जानकारी चोरी होने की बात सामने आई थी। अबकी बार निशाने पर देशभर की पुलिस एजेंसियों द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला अपराध रिकॉर्ड डेटाबेस है।
फिलहाल FBI यह पता लगाने में जुटी है कि हैकरों ने सिस्टम में कैसे सेंध लगाई, कितने रिकॉर्ड प्रभावित हुए और क्या किसी संवेदनशील जानकारी की चोरी हुई है। इस घटना ने अमेरिका की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के डिजिटल सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



