World-News

भारत-पुर्तगाल के रिश्तों को मिलेगी नई उड़ान, 2027-2032 के लिए बनेगा पांच वर्षीय रणनीतिक रोडमैप

भारत और पुर्तगाल अपने द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देने की तैयारी में हैं। नई दिल्ली में आयोजित छठे विदेश कार्यालय परामर्श के दौरान दोनों देशों ने वर्ष 2027 से 2032 तक के लिए पांच वर्षीय रणनीतिक रोडमैप तैयार करने पर सहमति जताई है। इसका उद्देश्य आने वाले पांच वर्षों में व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा और तकनीक समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाना है।

बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज और पुर्तगाल के विदेश मंत्रालय में विदेश नीति महानिदेशक हेलेना मालकाटा ने की। इस दौरान दोनों देशों ने राजनीतिक संबंधों, व्यापार एवं निवेश, रक्षा और सुरक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि, विज्ञान एवं तकनीक, डिजिटल टेक्नोलॉजी, पर्यटन, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

दोनों पक्षों ने पिछले परामर्श के बाद द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति पर संतोष जताया। साथ ही, बातचीत के दौर से गुजर रहे विभिन्न द्विपक्षीय समझौतों की समीक्षा की गई और लंबित समझौतों को जल्द अंतिम रूप देकर उन पर हस्ताक्षर करने पर सहमति बनी। प्रस्तावित पांच वर्षीय रोडमैप दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग की आगे की दिशा तय करेगा।

बैठक में भारत-यूरोपीय संघ की रणनीतिक साझेदारी और भारत-EU मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की वार्ता पूरी होने को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। दोनों देशों ने इसके प्रस्तावित हस्ताक्षर और क्रियान्वयन को लेकर उम्मीद जताई। इसके अलावा हिंद-प्रशांत, पश्चिम एशिया और अन्य वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। संयुक्त राष्ट्र सहित विभिन्न बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग जारी रखने पर भी सहमति बनी।

दोनों देशों ने माना कि उच्चस्तरीय राजनीतिक बातचीत और निजी क्षेत्र में बढ़ते कारोबारी संबंधों से भारत-पुर्तगाल साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। विदेश कार्यालय परामर्श का अगला दौर आपसी सहमति से तय तारीख पर पुर्तगाल में आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button