Posted By : Admin

ड्राइवर को आई झपकी, बस डंपर से टकराई; महाकुंभ से लौट रहे 2 महिलाओं की मौत, 23 घायल

महाकुंभ से स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की मिनी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बस में कुल 25 यात्री सवार थे, जो महाकुंभ में स्नान कर खुशी-खुशी अपने घर लौट रहे थे। लेकिन सफर के दौरान बस चालक को झपकी आ गई, जिससे बस आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई और दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

हादसा कब और कहां हुआ?

सोमवार सुबह करीब 6 बजे यह हादसा इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर हुआ। श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस आगे चल रहे डंपर से टकरा गई, जिससे दो महिलाओं की जान चली गई और 23 यात्री घायल हो गए। सभी श्रद्धालु कुंभ स्नान करके नोएडा लौट रहे थे। हादसे का मुख्य कारण बस चालक को आई नींद की झपकी बताई जा रही है।

घायलों का हाल

घटना में बचे लोगों ने बताया कि वे नोएडा के सेक्टर 128 जा रहे थे। सभी यात्री बस में सो रहे थे कि अचानक तेज झटका लगा और चीख-पुकार मच गई। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह सामने आया कि बस चालक को नींद आ गई थी, जिससे यह दुर्घटना हुई। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, हाईवे पर पुलिस और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया।

अस्पताल में इलाज जारी

जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौरभ गुप्ता ने बताया कि हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई है। दो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि बाकी 21 घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसे में घायल 14 महिलाएं और 9 पुरुष अस्पताल में भर्ती हैं।

Share This