
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के चुनावी वादों पर निशाना साधा। उन्होंने सपा के 30 लाख युवाओं को नौकरी देने और सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने के वादे पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सपा सत्ता में थी, तब उसने युवाओं और कर्मचारियों के लिए क्या किया था? मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को जितना लूटा जा सकता था, उतना लूटा।
सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार में नियुक्ति पत्र वितरण की रफ्तार इतनी तेज है कि ‘सैफई सिंडिकेट’ इसे गिन भी नहीं पाएगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सैफई सिंडिकेट नोट गिनने के अलावा कुछ गिनता ही नहीं। पुरानी पेंशन के मुद्दे पर उन्होंने दावा किया कि न्यू पेंशन स्कीम 2005 में सपा सरकार के दौरान लागू की गई थी। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि अब पुरानी पेंशन की बात करने वाली सपा ने अपने कार्यकाल में इस दिशा में क्या किया था?
भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में सरकारी नौकरियों की भर्तियां पारदर्शी नहीं थीं। उन्होंने 2015-16 में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की एक भर्ती का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि थर्ड डिवीजन से पढ़ाई करने वाला अभ्यर्थी परीक्षा में टॉप कर एसडीएम बन गया। योगी ने कहा कि उस दौर में कई परीक्षाओं में मुन्नाभाई गैंग सक्रिय था, जबकि उनकी सरकार में योग्य युवाओं को बिना भेदभाव और पारदर्शी तरीके से नौकरी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं को नए उत्तर प्रदेश की पहचान बताते हुए कहा कि उनके चेहरों की चमक प्रदेश में आए बदलाव को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना करने में सफलता हासिल की है। इसी कार्यक्रम में लखनऊ में 1,594 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए, जबकि गोंडा में चार जिलों के 46,800 विद्यार्थियों और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाने का कार्यक्रम भी रखा गया।
गोमती रिवर फ्रंट परियोजना को लेकर भी योगी ने सपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि 167 करोड़ रुपये के बजट वाली परियोजना पर करीब 1,400 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए, लेकिन काम अधूरा रह गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच के दौरान मौखिक आदेशों का मामला सामने आया और निचले स्तर के कर्मचारी जेल पहुंचे, जबकि भ्रष्टाचार से जुड़े बड़े लोग विदेशों में संपत्ति बनाकर रह रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को संदेश दिया कि किसी भी वरिष्ठ अधिकारी के गलत आदेश को मानने के बजाय उसका विरोध करना चाहिए।



