Posted By : Admin

60 करोड़ लोगों ने डुबकी लगाई, महाकुंभ ने विरोधियों को आईना दिखाया: CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर खीरी में महाकुंभ को लेकर विपक्षियों को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि 13 जनवरी से 22 फरवरी के बीच 60 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई है। यह न केवल उत्तर प्रदेश की क्षमता को दर्शाता है बल्कि पूरी दुनिया के सामने इसकी भव्यता को भी प्रमाणित करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इतने बड़े पैमाने पर लोग एक निश्चित अवधि में एक स्थान पर एकत्र हो सकते हैं? यह अपने आप में अद्भुत उपलब्धि है।

सीएम योगी ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसा केवल प्रयागराज में संभव है, जहां इसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महिमा पूरी दुनिया को आकर्षित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महाकुंभ लगातार एक नए स्तर पर पहुंच रहा है, और पूरी दुनिया इसकी भव्यता और शक्ति की सराहना कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग, जिन्हें विकास से परहेज है, महाकुंभ को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जो लोग हमारे देश और प्रदेश की अद्भुत क्षमताओं को स्वीकार नहीं कर पाते, वे नकारात्मक टिप्पणियों में लगे रहते हैं। प्रयागराज महाकुंभ ने ऐसे विरोधियों को आईना दिखाने का काम किया है, जो अच्छे कार्यों में बाधा डालते हैं। लेकिन देश और सनातन धर्म के अनुयायियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब असाधारण आयोजन होंगे, तो वे राष्ट्र के गौरव को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे, और प्रयागराज महाकुंभ इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा है।

उन्होंने यह भी कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं हो सकता। जो लोग अच्छे कार्यों पर सवाल खड़े करते हैं और उसमें अवरोध उत्पन्न करते हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि विकास से ही रोजगार का सृजन होता है। लखीमपुर खीरी में सीएम योगी ने करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर गोला गोकर्णनाथ शिव मंदिर का भी कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक महत्ता को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

Share This