Breaking-News

बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के दरबार पहुंचे CM योगी, उतारी आरती; बच्चों को बांटी चॉकलेट और गोशाला में की गोसेवा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह बलरामपुर स्थित देवीपाटन मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने आदिशक्ति मां पाटेश्वरी के दर्शन-पूजन कर विधि-विधान से आरती उतारी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया।

मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री का आत्मीय अंदाज देखने को मिला। वहां मौजूद बच्चे योगी आदित्यनाथ को अपने बीच देखकर उत्साहित हो गए। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत की और उन्हें चॉकलेट बांटकर उनका उत्साह बढ़ाया।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा, साफ-सफाई और सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही संबंधित लोगों को निर्देश दिए कि मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।

इसके बाद मुख्यमंत्री गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने अपने हाथों से गायों को गुड़ और हरा चारा खिलाया। इस दौरान उन्होंने गोसेवा भी की। मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोंडा में युवाओं को लैपटॉप वितरित करने के बाद बलरामपुर पहुंचे थे और रात में देवीपाटन मंदिर परिसर में ही विश्राम किया था।

कार्यक्रम में महंत मिथिलेश नाथ योगी, कालीबाड़ी गोरखपुर के महंत रविंद्र दास और हनुमानगढ़ी अयोध्या के राजू दास समेत कई संत मौजूद रहे। दर्शन-पूजन और मंदिर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री वाराणसी के लिए रवाना हो गए।

Related Articles

Back to top button