शाहजहांपुर जिले के चौक क्षेत्र में स्थित लाला काशीनाथ सेठ ज्वैलर्स के शोरूम पर शनिवार को आयकर विभाग की टीम ने छापा डाला। हालांकि, इस संबंध में आयकर विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की 21 सदस्यीय टीम ने गुरुवार सुबह करीब 11 बजे शोरूम पर छापा मारा था। तब से शोरूम का मुख्य दरवाजा बंद है, और बीच-बीच में कुछ लोग बाहर आकर फिर अंदर जाते देखे गए हैं। शनिवार सुबह विभाग के दो अधिकारी शोरूम से बाहर निकले और एक वाहन में बैठकर रवाना हो गए, जबकि बाकी टीम अब भी अंदर जांच कर रही है।
पिछले 48 घंटों से आयकर विभाग की टीम शोरूम के दस्तावेजों और स्टॉक की बारीकी से जांच कर रही है। इस कारण सराफा बाजार में कई तरह की चर्चाएं और अफवाहें फैल रही हैं। कई सर्राफा व्यापारियों ने एहतियातन अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए हैं। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि जांच के दौरान विभाग को क्या महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी है।
स्थानीय सूत्रों का मानना है कि यह छापा किसी लंबी जांच प्रक्रिया का हिस्सा हो सकता है और इससे किसी बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, इस मामले में आयकर विभाग के किसी अधिकारी की ओर से कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

