इंडिया मास्टर्स ने इंटरनेशनल मास्टर्स लीग (IML T20) में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। सचिन तेंदुलकर की कप्तानी में टीम ने 22 फरवरी को खेले गए अपने पहले मुकाबले में श्रीलंका मास्टर्स को 4 रनों से हराकर अंकतालिका में खाता खोला। अब भारत की यह दिग्गजों की टीम 25 फरवरी को इंग्लैंड मास्टर्स के खिलाफ अपना दूसरा मुकाबला खेलेगी, जिसकी अगुवाई पूर्व इंग्लिश कप्तान इयोन मोर्गन कर रहे हैं। यह रोमांचक भिड़ंत नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में शाम 7:30 बजे से शुरू होगी, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा।
फ्री में ऐसे देखें इंडिया मास्टर्स बनाम इंग्लैंड मास्टर्स मैच
इस हाई-वोल्टेज टी20 मुकाबले को भारतीय दर्शक कलर सिनेप्लेक्स और कलर सिनेप्लेक्स सुपरहिट्स चैनल पर लाइव देख सकते हैं। वहीं, ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग जियो सिनेमा ऐप पर बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध होगी, जहां दर्शकों को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में कमेंट्री का आनंद मिलेगा।
पिच रिपोर्ट और संभावित स्कोर
डीवाई पाटिल स्टेडियम में अब तक खेले गए दोनों मैचों में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला है। ऐसे में फैंस को इस मैच में भी एक बड़े स्कोर वाले मुकाबले की उम्मीद होगी।
इंडिया मास्टर्स टीम स्क्वाड:
सचिन तेंदुलकर (कप्तान), अंबाती रायडु (विकेटकीपर), सुरेश रैना, युवराज सिंह, यूसुफ पठान, इरफान पठान, स्टुअर्ट बिन्नी, गुरकीरत सिंह मान, नमन ओझा, शाहबाज नदीम, विनय कुमार, धवल कुलकर्णी, अभिमन्यु मिथुन, राहुल शर्मा, पवन नेगी।
इंग्लैंड मास्टर्स टीम स्क्वाड:
इयोन मोर्गन (कप्तान), फिल मस्टर्ड (विकेटकीपर), केविन पीटरसन, इयान बेल, डैरेन मैडी, टिम एम्ब्रोस, दिमित्री मास्कारेनहास, टिम ब्रेसनन, मोंटी पनेसर, स्टुअर्ट मीकर, बॉयड रैनकिन, क्रिस स्कोफील्ड, क्रिस ट्रेमलेट, रयान साइडबॉटम, स्टीवन फिन।
इस मुकाबले में सभी की नजरें एक बार फिर से मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर पर टिकी होंगी, जिनसे फैंस एक बड़ी पारी की उम्मीद कर रहे हैं। देखना दिलचस्प होगा कि इंडिया मास्टर्स इस मैच में जीत की लय बरकरार रख पाती है या नहीं।

