
पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने उम्मीदवारों के चयन को लेकर अपनी रणनीति पर काम तेज कर दिया है। पार्टी अब राजनीतिक वरिष्ठता, संगठन में पद या परिवार के प्रभाव के बजाय सर्वे रिपोर्ट, जनता के बीच छवि, जमीनी पकड़ और चुनाव जीतने की क्षमता को प्राथमिकता देने की तैयारी में है। मंगलवार, 24 नवंबर को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस कार्यालय में नवगठित 42 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति की पहली अहम बैठक हुई। इसमें पंजाब प्रभारी सचिन पायलट और प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बैठक में उम्मीदवारों के नाम जल्द घोषित करने को लेकर अलग-अलग राय सामने आई। कुछ नेताओं ने कहा कि टिकटों का ऐलान जल्दी होना चाहिए, ताकि प्रत्याशियों को अपने क्षेत्रों में तैयारी का पर्याप्त समय मिल सके। वहीं, दूसरे पक्ष का मानना था कि जल्दबाजी करने के बजाय जमीनी समीकरणों और विपक्षी दलों की रणनीति का आकलन करने के बाद ही फैसला लिया जाए। बैठक में मौजूदा सांसदों को विधानसभा चुनाव लड़ाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। कुछ नेताओं ने जीत की संभावना के आधार पर सांसदों को भी मैदान में उतारने का समर्थन किया, हालांकि अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान पर छोड़ने पर सहमति बनी।
कांग्रेस ने टिकट चयन में विनिंग क्राइटेरिया को सबसे अहम आधार बनाने पर जोर दिया है। बैठक में स्पष्ट किया गया कि भाई-भतीजावाद और परिवारवाद के बजाय सर्वे रिपोर्ट और उम्मीदवार की जीतने की क्षमता को प्राथमिकता दी जाएगी। विधानसभा क्षेत्रों में मौजूदा विधायकों और टिकट के दावेदारों की सक्रियता तथा संगठनात्मक पकड़ की समीक्षा भी की गई। करीब 35 से 40 ऐसी सीटों पर चर्चा हुई, जहां फिलहाल संभावित उम्मीदवारों के एक या दो नाम सामने आए हैं। इन नामों को आगे स्क्रीनिंग कमेटी के पास भेजा जाएगा।
बैठक में चुनाव प्रचार की रणनीति और घोषणा पत्र पर भी चर्चा हुई। पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र 20 दिसंबर 2026 तक अंतिम रूप देने का लक्ष्य रखा है। साथ ही वरिष्ठ नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिशों के बाद आलाकमान जिन उम्मीदवारों के नाम तय करेगा, सभी नेता उस फैसले का सम्मान करेंगे और गुटबाजी से बचेंगे। बैठक में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, चरणजीत सिंह चन्नी, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।



