चकमेहसी थाना क्षेत्र के मालीनगर ठहरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सीमा देवी नामक महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों की हत्या करने का अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पति से विवाद के बाद गुस्से में आकर सीमा ने इस खौफनाक कदम को उठाया।
पूछताछ के दौरान सीमा ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सच स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि रात में उसके तीनों बच्चे अपने पिता चंदन के साथ गहरी नींद में सो रहे थे। सबसे पहले उसने अपनी बेटी को उठाया और कुएं पर ले जाकर उसे कई बार पटका, जिससे वह अधमरी हो गई, फिर उसे कुएं में फेंक दिया। इसके बाद छोटे बेटे के साथ भी यही किया। जब वह अपने बड़े बेटे को मारने के लिए उठाने लगी, तो वह जाग गया और रोते हुए अपने पिता को पुकारने लगा। लेकिन सीमा ने किसी तरह उसका मुंह दबाकर उसे भी कुएं पर ले गई, पटककर अधमरा किया और फिर कुएं में फेंक दिया।
बड़े बेटे को कुएं में फेंकते समय उसके पति की नींद खुल गई। सीमा ने तब तीनों बच्चों के लापता होने की बात कही, लेकिन पुलिस की गहन जांच के बाद मामला उजागर हो गया। पुलिस ने सीमा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस ने बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर रविवार देर रात परिजनों को सौंप दिया। सोमवार को गमगीन माहौल में पिता चंदन कुमार ने अपने तीनों बच्चों को मुखाग्नि दी। इस दौरान चकमेहसी थानाध्यक्ष संतोष कुमार यादव भी मौजूद रहे।

