आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एक शाखा प्रबंधक की जान चली गई। यह घटना तब हुई जब बैंक मैनेजर अपनी ड्यूटी समाप्त कर लखनऊ स्थित घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और दूसरी लेन में जा पहुंची, जहां सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा
मृतक बैंक मैनेजर की पहचान कन्नौज जिले में स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा में तैनात प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। मूल रूप से बिहार निवासी प्रमोद कुमार लखनऊ के राजाजीपुरम में अपने परिवार के साथ रहते थे। सोमवार देर शाम जब वे ड्यूटी खत्म कर अपनी कार से लखनऊ लौट रहे थे, तभी हरदोई जिले के कासिम नगर थाना क्षेत्र के जाहिदपुर गांव के पास यह हादसा हो गया।
रफ्तार तेज होने के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और दूसरी लेन में चली गई, जहां सामने से आ रही एक अन्य कार से जबरदस्त टक्कर हो गई। इस दूसरी कार में दिल्ली निवासी कपिल और रूबी सवार थे, जो दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सीएचसी औरास पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्रमोद कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस का बयान
औरास थाना प्रभारी भवन सिंह मौर्य ने बताया कि यह दुर्घटना हरदोई जिले के कासिम नगर थाना क्षेत्र में हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। बैंक मैनेजर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायलों को इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया।इस दुखद हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है

