Bollywood NewsMovie

प्रसिद्ध साउथ अभिनेता का निधन, गंभीर बीमारी बनी मौत का कारण, चेन्नई के अस्पताल में थे भर्ती

दिग्गज अभिनेता रविकुमार मेनन, जो तमिल और मलयालम सिनेमा में अपने शानदार अभिनय के लिए प्रसिद्ध थे, का 4 अप्रैल, शुक्रवार को 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। रविकुमार मेनन, जिन्होंने अपने करियर में 100 से अधिक फिल्मों में काम किया था, पिछले कुछ महीनों से बीमार थे और चेन्नई के वेलाचेरी स्थित प्रशांत अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके बेटे ने इस दुखद समाचार की पुष्टि की और बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे।

अंतिम संस्कार चेन्नई में होगा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविकुमार मेनन का पार्थिव शरीर चेन्नई के वलसरवक्कम स्थित उनके निवास स्थान पर ले जाया जाएगा, जहां उनके पारिवारिक सदस्यों और प्रशंसकों को अंतिम दर्शन का अवसर मिलेगा। वहीं, अंतिम संस्कार भी वहीं संपन्न होगा। उनके निधन से फिल्म जगत में गहरा शोक है, और सोशल मीडिया पर फैंस व सितारे उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

साउथ सिनेमा में पांच दशकों तक किया राज
रविकुमार मेनन का जन्म केरल के त्रिशूर जिले में फिल्म निर्माता केएमके मेनन और अभिनेत्री भारती मेनन के परिवार में हुआ था। उन्होंने मलयालम और तमिल दोनों फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई। 1968 में मलयालम फिल्म लक्षप्रभु से अपने करियर की शुरुआत करने वाले रविकुमार को 1975 में आई फिल्म उल्लास यात्रा में मुख्य भूमिका निभाने का मौका मिला। तमिल सिनेमा में भी उन्होंने आशीर्वादम और के. बालाचंदर की प्रसिद्ध फिल्म अवर्गल (1977) जैसी फिल्मों से अपनी खास जगह बनाई।

अपने पांच दशकों के करियर में रविकुमार ने फिल्मों और टेलीविजन दोनों में अहम भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने कमल हासन, रजनीकांत, मोहनलाल और ममूटी जैसे दिग्गज सितारों के साथ काम किया और जे. शशिकुमार और के. बालाचंदर जैसे नामी निर्देशकों के साथ भी जुड़े रहे। टेलीविजन पर भी उनकी खास पहचान बनी, खासकर जन्नल: मारबू कविथैगल जैसे शो से। हाल ही में, वे कलैगनार टीवी के कन्नेधीरे थोंड्रिनल और तेलुगु शो अनुबंधम में नजर आए थे

Related Articles

Back to top button