
2018 में एक लड़की ने अपने एक छोटे से वीडियो क्लिप से पूरे इंटरनेट पर तहलका मचा दिया था। यह लड़की और कोई नहीं, बल्कि प्रिया प्रकाश वारियर थीं, जिन्हें लोग ‘विंक गर्ल’ के नाम से जानने लगे। उनकी प्यारी सी मुस्कान और आंख मारने वाला अंदाज इतना मशहूर हुआ कि देखते ही देखते वो हर किसी की पसंदीदा बन गईं। उसी साल गूगल पर सबसे ज़्यादा सर्च की जाने वाली शख्सियत भी बन गईं।
दरअसल, 2019 में रिलीज़ हुई मलयालम फिल्म ‘ओरु अडार लव’ का एक सीन, जिसमें प्रिया स्कूल यूनिफॉर्म में अपने को-स्टार को आंख मारती हैं, इंटरनेट पर रातों-रात वायरल हो गया। दिलचस्प बात यह थी कि फिल्म रिलीज़ होने से पहले ही प्रिया प्रकाश ने सुर्खियां बटोर ली थीं और सोशल मीडिया पर उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग बन गई थी। आज भी इंस्टाग्राम पर उन्हें 7 मिलियन से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
बहुत कम लोग जानते हैं कि प्रिया सिर्फ एक अच्छी अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन सिंगर भी हैं। उन्होंने कम उम्र से ही संगीत सीखना शुरू कर दिया था। उनका गाया गाना ‘नी मझाविल्लु पोलेन’ काफी पसंद किया गया। संगीतकार कैलास मेनन ने उनका गाते हुए एक वीडियो देखा और उन्हें एक गाने का मौका दिया, जिसे प्रिया ने पूरी शालीनता के साथ निभाया।
अब बात करते हैं उनके फिल्मी करियर की। ‘ओरु अडार लव’ के बाद उन्होंने तेलुगु फिल्म ‘चेक’, ‘ब्रो’, ‘इश्क’, और ‘थ्री ईयर्स’ जैसी फिल्मों में काम किया। इसके अलावा हाल ही में वह कन्नड़ फिल्म ‘विष्णु प्रिया’ में नजर आईं, जो 21 फरवरी 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी। इसके साथ ही वह आने वाली फिल्म ‘Good Bad Ugly’ में भी दिखाई देंगी, जिसका ट्रेलर हाल ही में जारी हुआ है।
इतना ही नहीं, खबर है कि प्रिया प्रकाश वॉरियर रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ में भी अहम किरदार निभा सकती हैं। फिल्म को नितेश तिवारी डायरेक्ट कर रहे हैं और इसमें साईं पल्लवी भी होंगी। इस भव्य प्रोजेक्ट को दो भागों में रिलीज किया जाएगा।
एक वायरल विंक से पहचान बनाने वाली प्रिया प्रकाश वॉरियर आज अपनी मेहनत और टैलेंट के दम पर साउथ इंडियन सिनेमा में एक स्थापित नाम बन चुकी हैं।