
अधिकतर घरों में जैम आमतौर पर मिल ही जाता है। लोग बाजार से खरीदकर अलग-अलग फ्लेवर का जैम खाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि जैम को घर पर बनाना न केवल आसान है बल्कि सेहतमंद भी होता है? आप अपने मनपसंद मौसमी फलों से जैसे स्ट्रॉबेरी, आम या मिक्स फ्रूट के साथ-साथ अंगूर से भी स्वादिष्ट जैम तैयार कर सकते हैं।
आज हम बात कर रहे हैं ताजे हरे अंगूर से बने जैम की रेसिपी की, जो स्वाद में लाजवाब होता है और बच्चों को भी बहुत पसंद आता है। इस होममेड जैम की सबसे खास बात यह है कि इसमें कोई भी केमिकल, कलर या प्रिजर्वेटिव नहीं मिलाया जाता, इसलिए यह हेल्दी भी है और टेस्टी भी।
अंगूर जैम बनाने की आसान विधि
सामग्री:
- ताजे हरे अंगूर – मनचाहे मात्रा में
- चीनी – स्वाद अनुसार
- नींबू – आधा
- (अगर चाहें तो) थोड़ा सा हरा फूड कलर
बनाने की विधि:
- सबसे पहले अंगूरों को अच्छी तरह से धो लें। दो-तीन बार पानी से धोकर साफ कर लें ताकि सारी गंदगी निकल जाए।
- अब मिक्सी के जार में अंगूर और चीनी डालें और अच्छे से पीस लें।
- इस मिश्रण को एक बर्तन में निकालें और मोटी छन्नी से छान लें। चम्मच की मदद से पल्प अच्छे से छान लें।
- अगर थोड़ी पल्प बच जाए, तो उसे दोबारा मिक्सी में डालकर पीस लें और फिर से छान लें।
- अब गैस पर एक पैन या कड़ाही रखें और उसमें यह मिश्रण डालकर मध्यम आंच पर पकाना शुरू करें।
- जब मिश्रण थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तब इसमें आधा नींबू का रस और अगर आप चाहें तो एक चुटकी फूड कलर मिला सकते हैं।
- इस मिश्रण को लगातार चलाते रहें ताकि नीचे से जले नहीं और अच्छे से पक जाए।
- जब जैम गाढ़ा हो जाए और चमच से गिराने पर मोटा दिखे, तब गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें।
- जैम के ठंडा हो जाने पर इसे कांच के जार में भरें और फ्रिज में रख दें।
अब तैयार है घर का बना ताजगी से भरपूर अंगूर जैम! इसे ब्रेड, पराठे या टोस्ट पर लगाकर खाएं – यकीन मानिए, एक बार खाने के बाद बार-बार बनाने का मन करेगा।