Posted By : Admin

यूपी में लू का कहर जारी, तापमान 45 डिग्री से ऊपर, कई जिलों में चेतावनी जारी

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप शुरू हो चुका है। अब सुबह से ही तीखी धूप निकल रही है, जिससे लोगों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

बांदा जिले में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में शनिवार को हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन इससे भी विशेष राहत की उम्मीद नहीं की जा रही है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 16 मई को प्रदेश भर में मौसम शुष्क बना रहेगा। आसमान साफ है और सुबह से ही तेज धूप पड़ रही है। पूरे दिन लू चलने की संभावना जताई गई है, विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश में गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। यहां लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

रात में भी गर्म हवाएं लोगों की परेशानी को बढ़ा सकती हैं। प्रदेश में चल रही गर्म पछुआ हवाओं ने तापमान में और इज़ाफा कर दिया है।

किन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है?

आज उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इनमें बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, अंबेडकर नगर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, देवरिया, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र में येलो अलर्ट जारी हुआ है।

वहीं, बलिया, मऊ, गाजीपुर, आजमगढ़, वाराणसी, जौनपुर, प्रतापगढ़, फतेहपुर, बांदा और चित्रकूट जैसे जिलों में हीटवेव के साथ-साथ रात में भी गर्म हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।

पिछले 24 घंटे के आंकड़ों के अनुसार, बांदा सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा वाराणसी, झांसी, कानपुर और गाजीपुर में भी तापमान 42 से 43 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों में तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। यानी आने वाले दिन और ज्यादा गर्म होने वाले हैं।

Share This