Breaking-News

अतरौलिया सीट पर संजय निषाद से ‘संग्राम’ के बीच ओमप्रकाश राजभर ने CM योगी से की मुलाकात, बताया शिष्टाचार भेंट

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए के सहयोगी दलों के बीच सीटों को लेकर खींचतान शुरू होती दिखाई दे रही है। आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा सीट पर निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के बीच दावेदारी को लेकर जारी जुबानी जंग के बीच सुभासपा प्रमुख और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। मंगलवार को लखनऊ में हुई इस मुलाकात में राजभर के दोनों बेटे अरविंद राजभर और अरुण राजभर भी मौजूद रहे।

मुलाकात के बाद ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए इसे शिष्टाचार भेंट बताया। हालांकि, यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब अतरौलिया सीट को लेकर एनडीए के दो सहयोगी दलों के बीच बयानबाजी तेज है। इस सीट पर फिलहाल समाजवादी पार्टी के विधायक डॉ. संग्राम यादव का कब्जा है। सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर इस सीट से अपनी दावेदारी कर रहे हैं, वहीं निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद भी इसे अपनी पार्टी की मजबूत दावेदारी वाली सीट बता चुके हैं।

संजय निषाद ने अतरौलिया सीट पर अपना स्वाभाविक अधिकार जताते हुए संभावित प्रत्याशी के रूप में इंजीनियर प्रशांत सिंह को आगे बढ़ाया है। उन्होंने दावा किया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी को इस सीट पर 74,255 वोट मिले थे, जो आजमगढ़ की सभी 10 विधानसभा सीटों में सबसे अधिक थे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी ने 2022 में 11 सीटें जीती थीं। इसके जवाब में ओमप्रकाश राजभर ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि अतरौलिया में उनकी पार्टी ने गांव-गांव जाकर मेहनत की है और संजय निषाद इस सीट के मालिक नहीं हैं।

राजभर ने सीटों के बंटवारे पर कहा कि इसका फैसला सहयोगी दलों के नेता नहीं, बल्कि केंद्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन का नाम लेते हुए कहा कि सीटों का फैसला वही करेंगे। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी से राजभर की मुलाकात के बीच राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, राजभर ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया है और मुलाकात में अतरौलिया सीट पर कोई चर्चा हुई या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button