उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के नौहझील थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। ये सभी खाजपुर और बाजना गांवों के ईंट भट्टों पर मजदूरी कर रहे थे और अवैध रूप से भारत में रह रहे थे। पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी कर इन्हें पकड़ा गया।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पकड़े गए लोगों में 35 पुरुष, 27 महिलाएं और 28 बच्चे शामिल हैं। इन सभी से पूछताछ की जा रही है, और इनके भारत में प्रवेश के तरीके, ठिकाने और स्थानीय संपर्कों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पूछताछ में सभी ने स्वीकार किया है कि वे बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहे थे और करीब तीन से चार महीने पहले किसी पड़ोसी राज्य से मथुरा पहुंचे थे।
पुलिस को इनके पास से कुछ आधार कार्ड भी बरामद हुए हैं, जो संभवतः किसी अन्य राज्य में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बनाए गए हैं। पुलिस ने इन बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद अन्य जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं और इन लोगों से विस्तार से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही ठेकेदारों और स्थानीय सहयोगियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध घुसपैठ के पीछे मौजूद नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

