Breaking-News

वायुसेना प्रमुख आशुतोष दीक्षित पहुंचे CMS सुशांत गोल्फ सिटी, बोले- अंक लाने के लिए नहीं, समझने के लिए पढ़ाई करें

वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित सोमवार को लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS) पहुंचे। यहां आयोजित दो दिवसीय विज्ञान मेले में उन्होंने छात्रों से मुलाकात की और उन्हें जिज्ञासु बने रहने, वैज्ञानिक सोच विकसित करने तथा मानवीय मूल्यों को अपनाने की सीख दी। उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य युवा पीढ़ी के सपनों, फैसलों और प्रयासों से ही आकार लेगा।

CMS के पूर्व छात्र रहे एयर चीफ मार्शल दीक्षित ने अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए कहा कि इस संस्थान ने उन्हें केवल शिक्षा ही नहीं दी, बल्कि निस्वार्थ सेवा और अपने से बड़ी किसी चीज के लिए काम करने की भावना भी सिखाई। उन्होंने कहा, “शायद इसीलिए मैंने वर्दी वाला यह जीवन चुना।” छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब वे बच्चों को देखते हैं, तो उन्हें भारत का भविष्य नजर आता है। इनमें वैज्ञानिक, इंजीनियर, पायलट, रक्षा अधिकारी, अंतरिक्ष यात्री, उद्यमी और देश के भावी नेता दिखाई देते हैं।

छात्रों के बैंड, वैज्ञानिक प्रदर्शनियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्होंने युवाओं की रचनात्मकता और कल्पनाशीलता की तारीफ की। अपने जीवन से पांच अहम सबक साझा करते हुए उन्होंने छात्रों को मजबूत शैक्षणिक आधार बनाने, अनुशासन और धैर्य अपनाने, टीमवर्क सीखने और तकनीक के साथ मानवीय मूल्यों को बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “अंक लाने के लिए नहीं, समझने के लिए पढ़ाई करो। सीखने का मतलब उत्तरों को रटना नहीं है।”

अनुशासन और असफलता पर बात करते हुए वायुसेना प्रमुख ने कहा कि उत्कृष्टता हर दिन लिए गए छोटे-छोटे फैसलों से बनती है और सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने छात्रों से असफलताओं से निराश न होने की अपील करते हुए कहा कि प्रयोग विफल हो सकते हैं, लेकिन असफलता अक्सर सफलता की यात्रा का हिस्सा होती है। उन्होंने टीमवर्क का महत्व समझाते हुए कहा कि अंतरिक्ष यात्री भी जमीन पर मौजूद पूरी टीम पर निर्भर करता है और अंतरिक्ष अन्वेषण कभी किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं होता।

उन्होंने शिक्षकों से भी अपील की कि वे बच्चों में जिज्ञासा और रचनात्मकता को बढ़ावा दें तथा उन्हें सवाल पूछने और नए प्रयोग करने की स्वतंत्रता दें। 2047 में आजादी की शताब्दी का जिक्र करते हुए उन्होंने छात्रों को अगली पीढ़ी के प्रक्षेपण यान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत तकनीकों के विकास का सपना देखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संदेश दिया कि केवल अच्छा सीवी बनाने के बजाय अच्छा चरित्र बनाएं, सफलता मिलने पर विनम्र रहें, निडर होकर सवाल पूछें और कभी हार न मानें।

Related Articles

Back to top button