Posted By : Admin

राजस्थान के बाड़मेर में सरकारी टीचर ने प्रेमिका की लोहे की सरिया से की हत्या, शव कार की ड्राइविंग सीट पर मिला l

राजस्थान के बाड़मेर जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक सरकारी शिक्षक ने अपनी प्रेमिका की लोहे की सरिया से बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी शिक्षक मानाराम (38) और मृतिका मुकेश कुमारी (37) की फेसबुक पर वर्ष 2024 में जान-पहचान हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। मुकेश कुमारी झुंझुनू जिले के चिड़ावा कस्बे की रहने वाली थी और वह आंगनबाड़ी सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थी।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि 10 सितंबर को मुकेश कुमारी अपने प्रेमी मानाराम से मिलने बाड़मेर आई थीं और उनके घर पर ठहरी थीं। कुछ दिनों तक संबंध सामान्य रहे, लेकिन शादी का दबाव पड़ने पर दोनों में विवाद हुआ। आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया, जिससे नाराज होकर उसने लोहे की सरिया से हमला कर प्रेमिका की हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने मृतका का शव उसकी ही कार की ड्राइविंग सीट पर रख दिया और हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे यह शव यहां पुलिस को सूचना मिलने पर बरामद किया गया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक साइंस लैब (FSL), डॉग स्क्वॉड और मोबाइल अपराध यूनिट (MOU) की टीमों ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने मानाराम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि हत्या घर के अंदर की गई थी, जबकि शव को गाड़ी में रखा गया। मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस पूरी गहराई से जांच में जुटी हुई है।

इस घटना ने बाड़मेर शहर में सनसनी फैला दी है। लोग सोशल मीडिया पर रिश्तों के खतरनाक पहलुओं के बारे में चर्चा कर रहे हैं और यह घटना सोशल मीडिया के खतरे की ओर इशारा कर रही है। पुलिस ने जनता को आश्वासन दिया है कि दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।

Share This