Posted By : Admin

मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां की बड़ी मांग — अब 10 लाख महीना गुजारा भत्ता चाहिए

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर अपने और अपनी बेटी के लिए गुजारा भत्ता बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें हर महीने चार लाख रुपये मिलते थे, लेकिन अब यह रकम बढ़ाकर दस लाख रुपये की जाए। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने मोहम्मद शमी और पश्चिम बंगाल सरकार को नोटिस जारी किया है।

हसीन जहां कई सालों से शमी से अलग रह रही हैं और अपनी बेटी के साथ रहती हैं। उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें उन्हें 1.5 लाख रुपये और उनकी बेटी के लिए 2.5 लाख रुपये प्रति माह देने का निर्देश दिया गया था। हसीन जहां का कहना है कि यह राशि उनकी जरूरतों के हिसाब से पर्याप्त नहीं है और शमी की आय को देखते हुए गुजारा भत्ता बढ़ाया जाना चाहिए।

उनके वकील ने कोर्ट में दलील दी कि मोहम्मद शमी करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं, लग्जरी कारों में चलते हैं, विदेश यात्राएं करते हैं और आलीशान जीवन जीते हैं। ऐसे में चार लाख रुपये प्रति माह का गुजारा भत्ता बेहद कम है। कोर्ट ने इस पर सवाल किया कि क्या हाई कोर्ट द्वारा तय की गई राशि उनके लिए पर्याप्त नहीं है।

साल 2018 से मोहम्मद शमी और हसीन जहां के बीच विवाद चल रहा है। हसीन जहां ने उन पर घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और कई गंभीर आरोप लगाए थे। इस बीच, हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घोषित टेस्ट टीम में मोहम्मद शमी की वापसी नहीं हो सकी। हालांकि उन्होंने बंगाल के लिए रणजी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन फिर भी टीम इंडिया में जगह नहीं बना पाए।

Share This