रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। इस जीत के हीरो रहे भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन, जिन्होंने मुश्किल हालात में शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया।
भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 6 रन पर दो विकेट गंवा दिए। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा जल्दी पवेलियन लौट गए। ऐसे दबाव भरे समय में क्रीज पर आए ईशान किशन ने बिना किसी झिझक के आक्रामक बल्लेबाजी शुरू की और पावरप्ले का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने सिर्फ 32 गेंदों पर 76 रन की विस्फोटक पारी खेली और महज 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
दूसरे छोर पर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी शानदार लय दिखाई। उन्होंने 82 रन नाबाद की मैच जिताऊ पारी खेली और 14 महीने व 23 पारियों के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना अर्धशतक लगाया। इससे पहले सूर्यकुमार ने 12 अक्टूबर 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद में फिफ्टी जड़ी थी। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों पर 122 रनों की जबरदस्त साझेदारी हुई, जिसने भारत की जीत की नींव रखी।
मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मजाकिया अंदाज में एक बड़ा खुलासा भी किया। उन्होंने कहा कि ईशान किशन की तूफानी बल्लेबाजी देखकर वह थोड़े नाराज हो गए थे। सूर्या ने कहा, “मुझे नहीं पता ईशान ने दोपहर के खाने में क्या खाया था। 6 रन पर 2 विकेट गिरने के बाद पावरप्ले में 60 से ज्यादा रन बनाते मैंने कभी नहीं देखे। मुझे गुस्सा इस बात का था कि वह मुझे स्ट्राइक नहीं दे रहा था, लेकिन मैं हालात समझ गया।”
अपनी फॉर्म और टीम के माहौल पर बात करते हुए सूर्यकुमार यादव ने कहा कि उन्होंने नेट्स में कड़ी मेहनत की और सही समय पर ब्रेक लिया, जिसका फायदा मैच में मिला। उन्होंने गेंदबाजों की भी तारीफ की और कहा कि जब न्यूजीलैंड 110 रन पर 2 विकेट पर था, तब उन्हें लगा था कि स्कोर 230 के पार जाएगा, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने जिम्मेदारी के साथ शानदार प्रदर्शन किया।
कप्तान ने अंत में कहा कि उन्हें इस समय टीम के भीतर का माहौल बेहद अच्छा लग रहा है और वह इसे आगे भी बनाए रखना चाहते हैं। इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ सीरीज में मजबूत पकड़ बना ली, बल्कि टीम का आत्मविश्वास भी नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया।

