Breaking-News

हर बूथ पर 50 नए वोटर जोड़ने का BJP का प्लान, 86 लाख वोटरों पर नजर; CM योगी करेंगे मॉनिटरिंग

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण के बीच बीजेपी ने ऐसा अभियान तैयार किया है, जिसका लक्ष्य प्रदेश के करीब 86 लाख नए मतदाताओं को वोटर लिस्ट में शामिल कराना है। पार्टी का दावा है कि हर बूथ पर 50 नए वोटर जोड़े जाएंगे। यानी बीजेपी अब एक-एक वोटर तक पहुंचने की तैयारी में जुट गई है।

इसके लिए बीजेपी 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक पूरे प्रदेश में ‘मतदाता जोड़ो अभियान’ चलाएगी। उत्तर प्रदेश के 1 लाख 73 हजार 730 बूथों पर यह अभियान संचालित होगा। पार्टी ने करीब 86 लाख 86 हजार 500 मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा है।

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत वरिष्ठ नेताओं ने अभियान की रणनीति तैयार की। बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण को सिर्फ सरकारी प्रक्रिया न समझा जाए, बल्कि संगठन के हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी बनाई जाए।

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूचियों के बीच अंतर का मुद्दा उठा चुके हैं। उन्होंने दावा किया था कि करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम पंचायत की वोटर लिस्ट में हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। बीजेपी अब इसी अंतर को दूर करने के लिए पंचायत की वोटर लिस्ट, राशन कार्ड धारकों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची के जरिए पात्र मतदाताओं की पहचान करेगी।

इस अभियान में पार्टी की नजर सिर्फ छूटे हुए मतदाताओं पर नहीं, बल्कि पहली बार वोट डालने वाले युवाओं और शादी के बाद दूसरे स्थान पर रहने लगी महिलाओं पर भी रहेगी।

अभियान को चार प्रमुख चरणों में आगे बढ़ाया जाएगा। 13 नवंबर को प्रदेश स्तरीय कार्यशाला के जरिए रणनीति तैयार की गई। इसके बाद 16 से 18 नवंबर तक जिला स्तर पर बैठकें होंगी। 19 से 21 नवंबर तक विधानसभा स्तर पर पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

वहीं, 22, 23 और 24 नवंबर को विशेष मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। इन तीन दिनों में बीजेपी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पहुंचकर घर-घर संपर्क करेंगे। मतदाता सूची का मिलान किया जाएगा और जिन पात्र लोगों के नाम सूची में नहीं हैं, उनके आवेदन भरवाए जाएंगे।

इसके लिए कार्यकर्ताओं को फॉर्म-6 और फॉर्म-8 की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी। फॉर्म-6 नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए और फॉर्म-8 मतदाता सूची में जरूरी सुधार या बदलाव के लिए इस्तेमाल होता है।

अब बात उन आठ श्रेणियों की, जिन पर बीजेपी का खास फोकस रहने वाला है। इनमें पहली बार वोट डालने वाले युवा, शादी के बाद दूसरी जगह आई महिलाएं, पंचायत सूची में शामिल लेकिन विधानसभा सूची से छूटे मतदाता और सरकारी योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं। पार्टी का मकसद है कि कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट से बाहर न रहे।

सबसे अहम बात यह है कि इस पूरे अभियान की निगरानी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। संगठन से लेकर बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं, ताकि एक महीने के भीतर तय लक्ष्य हासिल किया जा सके।

Related Articles

Back to top button