
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिमी यूपी में शनिवार को राजनीतिक गतिविधियां तेज रहेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर और मेरठ के दौरे पर रहेंगे। वहीं, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद मेरठ में रैली के जरिए अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में हैं।
मुख्यमंत्री गढ़मुक्तेश्वर में गंगा स्नान मेले और तिगरी मेले की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे। वह कच्चा घाट, लठीरा और गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। इसके बाद मेरठ में पूर्व सैनिकों की रैली में शामिल होंगे। इस दौरान पूर्व सैनिकों और सरकार के बीच संवाद के साथ विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों पर भी चर्चा होगी।
दूसरी ओर, असदुद्दीन ओवैसी मेरठ में जनसभा करेंगे। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के बीच गठबंधन के ऐलान के बाद इस रैली को पश्चिमी यूपी में उनकी साझा राजनीतिक रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दोनों दलों की कोशिश दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलित और मुस्लिम मतदाताओं की अहम भूमिका रही है। ऐसे में बीजेपी जहां सरकार के कामकाज और संगठन के जरिए अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है, वहीं ओवैसी और चंद्रशेखर की नई राजनीतिक साझेदारी अलग समीकरण बनाने की कोशिश कर रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं की यह सक्रियता पश्चिमी यूपी में सियासी मुकाबले की तैयारियों का संकेत दे रही है।



