
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की सियासत में नए गठबंधन की चर्चा तेज हो गई है। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टियों ने मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, यह गठबंधन उत्तर प्रदेश की करीब 150 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, गठबंधन की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। इसके बाद ही सीटों और दूसरे सहयोगी दलों को लेकर तस्वीर साफ होगी।
इस नए राजनीतिक समीकरण को भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए और समाजवादी पार्टी के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के लिए एक नई चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है। गठबंधन में कुछ अन्य छोटे दलों के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है। अगर यह मोर्चा दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ बनाने में सफल रहता है, तो इसका असर प्रदेश के चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है।
चंद्रशेखर आजाद नगीना से सांसद हैं और आजाद समाज पार्टी के जरिए दलित राजनीति में अपनी जगह मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम भी उत्तर प्रदेश में अपना राजनीतिक आधार बढ़ाना चाहती है। इससे पहले ओवैसी ने इंडिया गठबंधन में शामिल होने की इच्छा जताई थी, लेकिन समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया गया था।
हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम का प्रदर्शन खास नहीं रहा था और मुस्लिम मतदाताओं का बड़ा हिस्सा समाजवादी पार्टी के साथ नजर आया था। ऐसे में 2027 के चुनाव में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का गठबंधन कितना प्रभाव डाल पाएगा, यह देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल इस नए मोर्चे की आधिकारिक घोषणा और सीटों के बंटवारे पर सबकी नजरें टिकी हैं।



