Breaking-News

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रक में पीछे से घुसी मिनी बस, दो यात्रियों की मौत; 13 घायल

उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। अयोध्या से आगरा जा रही मिनी ट्रैवलर बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 13 यात्री घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 4 बजे आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 37.100 के पास हुआ। बस चालक धीरज पाटिल 13 यात्रियों को लेकर अयोध्या से आगरा जा रहे थे। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री अंदर फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई गई है।

इस हादसे में प्रदीप (53 वर्ष) और जनक बेन (58 वर्ष) की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button