
उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए योगी सरकार ने 55 PCS अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में कई जिलों के अपर जिलाधिकारी (ADM), उपजिलाधिकारी (SDM), मंडलों के अपर आयुक्त और नगर निगमों के अपर नगर आयुक्त बदले गए हैं। इसके अलावा लखनऊ, गाजियाबाद, वाराणसी, अयोध्या और मेरठ विकास प्राधिकरणों में नए सचिवों की तैनाती की गई है।
भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलसचिव अतुल कुमार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का सचिव बनाया गया है। LDA के मौजूदा सचिव सुशील प्रताप सिंह को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) भेजा गया है, जबकि गाजियाबाद के सचिव विवेक कुमार मिश्रा को वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) की जिम्मेदारी दी गई है। वाराणसी मंडल के अपर आयुक्त आलोक कुमार वर्मा अयोध्या विकास प्राधिकरण के सचिव और वाराणसी के ADM (प्रोटोकॉल) विनय कुमार सिंह-2 मेरठ विकास प्राधिकरण के सचिव बनाए गए हैं। मेरठ के पूर्व सचिव बृजेश कुमार सिंह को नोएडा में OSD नियुक्त किया गया है।
जिलों और मंडलों में भी कई अहम बदलाव हुए हैं। वाराणसी विकास प्राधिकरण के सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा को हापुड़ का ADM (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। बस्ती के ADM ज्ञान चन्द्र गुप्ता को अयोध्या तीर्थ विकास परिषद का संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, अमेठी की ADM ज्योति सिंह को वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त और अयोध्या विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश कुमार मिश्रा को उन्नाव का ADM (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। इसके अलावा लखनऊ, झांसी, रामपुर, कन्नौज और अन्य जिलों में भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
मंडलीय स्तर पर भी अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। अमरपाल सिंह को सहारनपुर मंडल, पंकज कुमार को चित्रकूट धाम मंडल, शशि भूषण को अलीगढ़ मंडल, रमेश यादव को मेरठ मंडल और विवेक कुमार यादव को आगरा मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। प्रयागराज मेला विकास प्राधिकरण, बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण और दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र में भी नई तैनातियां की गई हैं।
नगर निगमों और SDM स्तर पर भी व्यापक फेरबदल हुआ है। अविनाश त्रिपाठी को लखनऊ नगर निगम का अपर नगर आयुक्त और माया शंकर यादव को मेरठ नगर निगम का अपर नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, आकाश कुमार को लखनऊ से बहराइच, अनिल कुमार यादव को वाराणसी से मुजफ्फरनगर, ऋतुप्रिया को कानपुर से झांसी और डॉ. गजेंद्र पाल सिंह को अलीगढ़ से बलरामपुर भेजा गया है। इसके अलावा कई अन्य SDM के कार्यक्षेत्र भी बदले गए हैं।



