
गोरखपुर: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर नाराजगी जताते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि एक मासूम बच्चा पढ़ने आया था, लेकिन रोड शो के दौरान हुई अराजकता में उसकी जान चली गई। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि वह आज शाम पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे और घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी, जिसे उनकी पीढ़ियां याद रखेंगी।
सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी गुंडागर्दी और अराजकता का पर्याय रही है और माफिया तथा गुंडों को उसका संरक्षण मिलता रहा है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कें अराजकता फैलाने के लिए नहीं बनाई गई हैं। उन्होंने 2017 से पहले के सपा शासन का जिक्र करते हुए वन माफिया, खनन माफिया और दंगों को लेकर भी विपक्ष पर आरोप लगाए।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा, ‘चलो नामांकन कर लो अयोध्या से, आमने-सामने कर ही लिया जाए।’ इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों पर अराजकता के जरिए जनता का समर्थन हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। सीएम योगी ने हैदराबाद से आए एक मौलाना का जिक्र करते हुए भी विपक्ष पर टिप्पणी की।
दरअसल, बुधवार को अखिलेश यादव ने गोरखपुर में करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया था। इसी दौरान कूड़ाघाट इलाके में रोड शो में शामिल एक जेसीबी की चपेट में आने से 12 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। वह चौरीचौरा क्षेत्र के राजधानी गांव का रहने वाला था। परिजनों का आरोप है कि रोड शो के दौरान जिस जेसीबी से फूल बरसाए जा रहे थे, उसी की टक्कर से बच्चे की जान गई।
हादसे के बाद परिजनों और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर प्रदर्शन किया था। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। अखिलेश यादव ने घटना पर कहा था कि उन्हें हादसे की जानकारी नहीं है और रोड शो के लिए प्रशासन ने पर्याप्त इंतजाम नहीं किए थे। पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में पांच सपा नेताओं समेत 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।



