National-News

‘पहले गरीबी हटाओ सिर्फ नारा था, अब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए’, FICCI सम्मेलन में बोले पीएम मोदी

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत में बीते 12-13 वर्षों के दौरान करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि पहले ‘गरीबी हटाओ’ केवल एक नारा बनकर रह गया था, लेकिन सही नीतियों और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ गरीबी कम करने की दिशा में काम हुआ है। पीएम मोदी गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में FICCI के शताब्दी वर्ष सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

FICCI के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने संस्था की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि किसी संगठन का एक सदी तक सक्रिय रहना और बदलते समय के साथ खुद को आगे बढ़ाना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पिछले 100 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था ने कई दौर देखे हैं। देश ने लाइसेंस-कोटा राज, राष्ट्रीयकरण के प्रयोग और एक समय ‘फ्रेजाइल फाइव’ जैसी आर्थिक चुनौतियों का भी सामना किया है।

पीएम मोदी ने कहा कि बीते 12 वर्षों में युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत के प्रयासों से देश की आर्थिक स्थिति में बदलाव आया है। उन्होंने वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि 12-13 वर्षों में भारत के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि 1970 के दशक में ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया गया था, लेकिन उस समय नीतियों और नीयत में कमी रही।

प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत से अगले 20 वर्षों के निवेश संबंधी फैसलों में ‘इंडिया फर्स्ट’ को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे देश आत्मनिर्भर बनेगा और कारोबार के लिए भी नए अवसर पैदा होंगे। स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के विचार का जिक्र करते हुए उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों को याद किया और उद्योगपतियों से इस संदेश को देशभर में पहुंचाने का आग्रह किया।

पीएम मोदी ने उद्योग जगत से कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि कंपनियों को विदेशी बाजारों की मांग को ध्यान में रखते हुए भरोसेमंद खरीद और आपूर्ति व्यवस्था तैयार करनी चाहिए। ऐसे उत्पादों का निर्माण किया जाना चाहिए जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग हो, ताकि भारतीय उत्पाद वैश्विक स्तर पर देश की पहचान बन सकें।

Related Articles

Back to top button